अधेड़ उम्र का दूल्हा रात 2 बजे लेकर पहुंचा बारात, फेरो से पहले खुल गई पोल

बिहार के दरभंगा जिले में एक शादी उस समय विवाद में बदल गई, जब दुल्हन पक्ष ने दूल्हा बदलने का आरोप लगा दिया। मामला जाले थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां बारात पहुंचने के बाद जमकर हंगामा हो गया। दुल्हन और उसके परिवार वालों ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और दूल्हे समेत पांच लोगों को रोक लिया। अब गांव में पंचायत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, लड़की वालों का कहना है कि जिस लड़के की फोटो पहले दिखाई गई थी, बारात में आया दूल्हा उससे अलग और काफी ज्यादा उम्र का था। आरोप है कि रात में देर से बारात इसलिए लाई गई ताकि किसी को शक न हो और जल्दी-जल्दी शादी की रस्में पूरी करा दी जाएं।

बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे बारात गांव पहुंची थी। बारातियों का स्वागत किया गया और वरमाला की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान घर की महिलाओं ने दूल्हे को देखकर शक जताया। जब पहले भेजी गई तस्वीर से मिलान किया गया तो मामला खुल गया। इसके बाद शादी का माहौल अचानक तनाव में बदल गया।

दुल्हन पक्ष ने तुरंत शादी रोक दी और दूल्हे को स्टेज से हटाकर एक कमरे में बैठा दिया। बाद में शादी तय करवाने वाली दो महिलाओं और दूल्हे पक्ष के कुछ रिश्तेदारों को भी वहीं रोक लिया गया। लड़की वालों की मांग है कि दहेज में दिया गया सामान और नकद रुपये वापस किए जाएं।

मामले की खबर पूरे गांव में फैल गई, जिसके बाद पंचायत बैठाई गई। कई दौर की बातचीत के बावजूद देर रात तक कोई फैसला नहीं हो सका। पंचायत के लोगों का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने की कोशिश जारी है वहीं जाले थाना पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। थाना प्रभारी संदीप कुमार पाल ने बताया कि दोनों परिवार फिलहाल पंचायत के जरिए विवाद सुलझाना चाहते हैं। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

By admin