पंजाब में सरकारी इमारतों और निजी स्कूलों को लगातार मिल रही धमकियों के बीच एक और मामला सामने आया है। इस बार एपीजे स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी स्कूल को ई-मेल के जरिए मिली। संदेश मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत एहतियातन बड़ा कदम उठाया और सभी छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया।
इस घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दे दी गई है। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। अब तक की जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इसी स्कूल में आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम होना था। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, लेकिन धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जिस ई-मेल से धमकी भेजी गई है, उसके IP एड्रेस को ट्रेस किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह किसी की शरारत है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम पूरे स्कूल परिसर की जांच कर रही है।
बताए पिछले कुछ महीनों में अमृतसर और चंडीगढ़ के स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे अभिभावकों में अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
