हरिद्वार: पालतू कुत्ते को गंगा घाट पर नहलाने पर बवाल

हरिद्वार के सर्वानंद घाट पर उस समय विवाद की स्थिति बन गई जब एक महिला अपने परिवार के साथ पहुंची और अपने पालतू कुत्ते को गंगा नदी में नहलाने लगी। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, क्योंकि गंगा को धार्मिक रूप से अत्यंत पवित्र माना जाता है और इस तरह की गतिविधि को अनुचित समझा जाता है।

लोगों की आपत्ति के बाद महिला और वहां मौजूद लोगों के बीच बहस शुरू हो गई, जो कुछ देर तक चलती रही। बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला ने गुस्से में प्रतिक्रिया दी और कहा कि यदि उसने सच्चे मन से पूजा की है तो किसी को उसे रोकने का अधिकार नहीं है। स्थिति बिगड़ती देख उसके परिजनों ने हस्तक्षेप किया और उसे समझाया, जिसके बाद वह अपने कुत्ते को लेकर वहां से चली गई।

वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह घटना कब की है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई लोग इसे गंगा की पवित्रता से जोड़ते हुए इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

वहीं, हरिद्वार के तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि गंगा को देवी स्वरूप माना जाता है और वहां धार्मिक आस्थाओं से जुड़े कार्य किए जाते हैं, ऐसे में इस तरह का व्यवहार परंपराओं के खिलाफ है और लोगों को धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।

ये भी पढ़ें:

By admin