मेन्स टी20 विश्व कप 2026 की शुरूआत 7 फरवरी से होने वाली है। इस बीच बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में सुरक्षा को लेकर विश्व कप का बहिष्कार किया था। टी20 वर्ल्ड कप में जगह बचाने की बांग्लादेश की आखिरी कोशिश अब लगभग खत्म होती नजर आ रही है। हफ्तों तक चली खींचतान के बाद अब बीसीबी ने आईसीसी की विवाद समाधान कमेटी (DRC) का दरवाजा खटखटाया है लेकिन बांग्लादेश की सभी कोशिश नाकाम होती दिख रही है।
वहीं, बांग्लादेश की जगह विश्व कप की टीमों में स्कॉटलैंड को पहले ही स्टैंडबाय पर रखा जा चुका है। 24 जनवरी को आईसीसी के चेयमैन जय शाह इस विश्वकप में बांग्लादेश के भविष्य पर औपचारिक घोषणा करेंगे।
आईसीसी बोर्ड ने इस मुद्दे पर अपना रुख बिल्कुल स्पष्ट कर दिया है। आईसीसी बोर्ड की वोटिंग में 14-2 के बहुमत से भारत में बांग्लादेश के मैच कराने को मंजूरी दी गई। एक स्वतंत्र सुरक्षा आकलन में खतरे का स्तर ‘कम से मध्यम’ बताया गया था। इसके बावजूद मेजबान देश की गारंटी और बार-बार दिए गए आश्वासनों के बाद भी बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार किया।
