गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। साउथ अफ्रीका की पहली पारी में रयान रिकेल्टन और एडेन मार्करम ने अपनी टीम के लिए 82 रनों की शानदार ओपनिंग पार्टनरशिप की।
हालांकि भारतीय टीम के पास 7 वें ओवर में ही एडेन मार्करम को आउट करने का मौका था, लेकिन केएल राहुल की वजह से भारत ने मौका गंवा दिया। उस ओवर में जसप्रीत बुमराह की दूसरी गेंद पर राहुल ने दूसरी स्लिप पर मार्करम का आसान सा कैच छोड़ दिया। राहुल जैसे फील्डर से ऐसे कैच लपकने की उम्मीद की जाती है, लेकिन इस मौके पर वो चूक गए।
बता दें कि, बुमराह को यकीन नहीं हुआ कि राहुल ने कैच ड्रॉप कर दिया है। बुमराह थोड़े नाराज भी दिखे और उन्होंने अपना चेहरा हाथों से ढक लिया। हालांकि, बाद में एडेन मार्करम का विकेट जसप्रीत बुमराह ने ही लिया। मार्करम ने 38 रनों की पारी खेली। मार्करम का जब कैच छूटा था, तब वो सिर्फ 4 रनों पर थे यानी जीवनदान के बाद उन्होंने 34 रन और जोड़े।
