Brijbhushan Sharan Singh hits back at Rahul Gandhi: बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर किया पलटवारBrijbhushan Sharan Singh hits back at Rahul Gandhi: बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर किया पलटवार

Brijbhushan Sharan Singh hits back at Rahul Gandhi: बृजभूषण शरण सिंह ने राहुल गांधी पर किया पलटवार

पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल में राहुल गांधी के मुजफ्फरपुर रैली वाले भाषण पर पलटवार करते हुए बृजभूषण ने कहा कि राहुल गांधी की भाषा चौराहे के रंगबाज जैसी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी शहर के नहीं, बल्कि चौराहे के रंगबाज लगते हैं।

बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “राहुल गांधी भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। यह दुर्भाग्य की बात है कि जिस परिवार के तीन-तीन व्यक्ति प्रधानमंत्री रहे, उस परिवार का यह सदस्य प्रधानमंत्री पद की गरिमा को नहीं समझता।”

दरअसल, राहुल गांधी ने बुधवार को बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा था, “मुझे सिर्फ आपका वोट चाहिए। अगर आप कहोगे नरेंद्र मोदी जी, आप ड्रामा करो, तो वो कर देंगे। उनसे कहो कि हम आपको वोट देंगे और आप स्टेज पर आकर डांस करो तो वो डांस कर देंगे। चुनाव से पहले जो भी करवाना है, करवा लो। क्योंकि चुनाव के बाद नरेंद्र मोदी दिखाई नहीं देंगे।”

राहुल गांधी के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस तरह की भाषा और बयानबाजी से देश के सर्वोच्च पद की गरिमा पर प्रश्न उठता है। उन्होंने कहा कि जनता अब ऐसे बयानों को गंभीरता से नहीं लेती और राहुल गांधी का यह रवैया खुद कांग्रेस पार्टी के लिए नुकसानदायक साबित होगा।

बिहार के सियासी माहौल पर बात करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने अनंत सिंह के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अनंत सिंह पर हत्या का आरोप लगा है, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि अनंत सिंह ने हत्या की है। “अब एफआईआर हुई है, गिरफ्तारी हुई है। इसमें सरकार का कोई रोल नहीं है। हमें लगता है कि इस पूरे घटनाक्रम का फायदा अनंत सिंह को ही मिलेगा। अनंत सिंह हारने के लिए थोड़ी पैदा हुए हैं,”

बृजभूषण ने यह भी कहा कि घटना का जो विवरण सामने आ रहा है, वह तथ्यों से मेल नहीं खाता। उन्होंने बताया कि कहा जा रहा है कि दोनों काफिले अगल-बगल से गुजर रहे थे, लेकिन किसी के पास कोई स्पष्ट वीडियो नहीं है। उन्होंने कहा, “जिसकी मौत होती है, सहानुभूति स्वाभाविक रूप से उसी के पक्ष में रहती है, लेकिन सच सामने आना चाहिए। अनंत सिंह के काफिले पर पहले पथराव हुआ था, उसके बाद यह घटना हुई। अनंत सिंह करीब 50 गाड़ियां आगे थे, ऐसे में यह मानना मुश्किल है कि वह इतने आगे निकलने के बाद लौटकर गोली चला दें और फिर चले जाएं।”

उन्होंने कहा कि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने आनी चाहिए और राजनीतिक लाभ के लिए इसका इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। बृजभूषण का मानना है कि बिहार की जनता इस बार मुद्दों के आधार पर मतदान करेगी, न कि भावनाओं या अफवाहों के आधार पर।

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर तेजस्वी यादव द्वारा शपथ की तारीख तय करने पर भी बृजभूषण शरण सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कौन क्या कहता है, उसका जवाब देना उचित नहीं। लेकिन मैं पवित्र स्थान पर खड़ा होकर कह रहा हूं कि बिहार में भाजपा गठबंधन और नीतीश कुमार की सरकार बन रही है।”

बृजभूषण शरण सिंह ने आगे बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व का फोन आया था और उनसे बिहार में प्रचार के लिए जाने की मांग की गई है। उन्होंने कहा, “हम उत्तर प्रदेश से हैं, लेकिन जब उत्तर प्रदेश का कोई व्यक्ति बिहार जाता है, तो बिहार के लोगों को बहुत अच्छा लगता है। हमारा खून और पानी कहीं न कहीं बिहार से जुड़ा हुआ है। इसीलिए कल के लिए भी हमारी डिमांड आई है, फिर हमें बिहार जाना है।”

बृजभूषण शरण सिंह के बयान ने न केवल राहुल गांधी पर सीधा हमला किया, बल्कि बिहार की राजनीतिक जमीन पर भाजपा की रणनीति का संकेत भी दिया है। चुनावी माहौल में यह बयान राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।