जयपुर: राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तहत जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी के मुकाबले बड़ी बढ़त हासिल की है। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को प्रदेश की 37 जिला परिषदों में हुए जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24 जिलों में जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को 10 जिलों में सफलता मिली। वहीं, भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) ने दो और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने एक जिले में जीत हासिल की।
चुनाव में सबसे ज्यादा चर्चा चूरू और ब्यावर के नतीजों की रही। चूरू में कांग्रेस और ब्यावर में भाजपा स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद अपना जिला प्रमुख बनाने में नाकाम रही।
चूरू में क्रॉस वोटिंग से भाजपा ने दर्ज की जीत
चूरू जिला परिषद में बहुमत नहीं होने के बावजूद भाजपा अपनी उम्मीदवार कनिका सिंह राठौड़ को जिला प्रमुख बनाने में सफल रही। कनिका पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू हैं। कांग्रेस के बहुमत के बावजूद आए इस परिणाम ने स्थानीय राजनीतिक समीकरण बदल दिए।
ब्यावर में बहुमत के बावजूद हारी भाजपा
ब्यावर में भाजपा के 14 जिला परिषद सदस्य होने के बावजूद पार्टी की उम्मीदवार निर्मला रावत को हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस की ममता गुर्जर ने एक वोट के अंतर से जीत हासिल कर जिला प्रमुख पद अपने नाम कर लिया।
तीन जिलों में निर्विरोध चुने गए जिला प्रमुख
राजस्थान के तीन जिलों में कांग्रेस उम्मीदवारों के खिलाफ मतदान की नौबत ही नहीं आई। दौसा में विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा, सवाई माधोपुर में आशा देवी और जैसलमेर में संतोष कुमारी निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं।
बीकानेर में कांग्रेस की निकिता डूडी ने जीत हासिल की। वहीं, जैसलमेर की 21 वर्षीय संतोष कुमारी को प्रदेश की सबसे कम उम्र की जिला प्रमुख बताया जा रहा है।
दो जिलों में लॉटरी से हुआ फैसला
डूंगरपुर में भारतीय आदिवासी पार्टी के अनुतोष और भाजपा के कांतिलाल डामोर के बीच बराबरी होने पर लॉटरी निकाली गई, जिसमें अनुतोष विजयी रहे।
डीडवाना-कुचामन में भी लॉटरी के माध्यम से भाजपा के बुद्धाराम जिला प्रमुख निर्वाचित हुए।
37 में से 26 जिलों की कमान महिलाओं के हाथ
इस बार जिला प्रमुख चुनाव में महिला प्रतिनिधित्व भी महत्वपूर्ण रहा। प्रदेश की 37 जिला परिषदों में 26 महिला जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं।
नागौर: राजस्थान के नागौर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। मेड़ता रोड-गोटन पंचायत…
चूरू: राजस्थान के चूरू में जिला प्रमुख के चुनाव में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को…
जयपुर/सिरोही: राजस्थान में कम बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान के बीच राज्य सरकार…
मुंबई घरेलू वायदा बाजार में बुधवार को सोना-चांदी पर दबाव देखने को मिला, जहां कमजोर…
नई दिल्ली केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग से सैलरी बढ़ने की काफी…
मुंबई NCP(SP) के NDA में शामिल होने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है. इसी…