6314 309908468123518854622140 528134969 182668925924006 585763549676771

ग्वालियर
ग्वालियर में एक निजी कंपनी के सेल्स टीम मैनेजर द्वारा 25.56 लाख रुपए के गबन का मामला सामने आया है। आरोपी ने घर में रामायण पाठ का बहाना बनाकर छुट्टी ली और उरई सहित कई व्यापारियों से कंपनी का बकाया भुगतान वसूलने के बाद रकम कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय खुद हड़प ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दरअसल ग्वालियर निवासी विकास पाठक यूकेवी एंटरप्राइजेज कंपनी में डिप्टी ऑपरेशंस मैनेजर हैं  उन्होंने पुलिस को बताया कि मुरैना के बड़ोखर निवासी हृदेश सिंह राजपूत कंपनी में सेल्स मैनेजर था। उसने 14 जुलाई को अपने वरिष्ठ अधिकारी राजेश शर्मा से यह कहकर छुट्टी ली कि उसके घर मुरैना में रामायण पाठ का आयोजन है। छुट्टी के बाद आरोपी ने बताया कि वह उरई स्थित प्रीति ट्रेडर्स से कंपनी का बकाया भुगतान लेने जा रहा है। इसके कुछ ही समय बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। जब वह तय समय पर काम पर नहीं लौटा तो कंपनी अधिकारियों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उसके गोले का मंदिर स्थित घर पहुंचने पर भी परिजनों से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। 18 जुलाई को कंपनी को विभिन्न ग्राहकों के फोन आने लगे। बिलों और भुगतान का मिलान करने पर पता चला कि कई व्यापारियों से वसूली गई रकम कंपनी के खाते में जमा ही नहीं हुई। इसके बाद अधिकारियों को गबन की आशंका हुई। संदेह गहराने पर कंपनी की टीम आरोपी के पैतृक गांव मुरैना पहुंची। वहां उसके पिता निरंजन सिंह राजपूत ने बताया कि 14 जुलाई को घर पर कोई रामायण पाठ नहीं हुआ था। जांच में सामने आया कि आरोपी ने उरई और अन्य शहरों के कई व्यापारियों से कंपनी का बकाया भुगतान वसूलकर उसे बैंक खाते में जमा नहीं किया। इस तरह कुल 25.56 लाख रुपए का गबन किया गया। कंपनी की शिकायत पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार का कहना है कि कंपनी मैनेजर की लिखित शिकायत पर आरोपी सेल्स टीम मैनेजर के खिलाफ गबन और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल अपने घर से फरार है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।