टी-20 वर्ल्ड कप शुरू होने में अब एक महीने से भी कम समय बचा है और इसके लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान हो चुका है। टीम कागजों पर संतुलित जरूर दिख रही है, लेकिन एक बात टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ा रही है। यह चिंता है टीम इंडिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म।
पिछले करीब एक महीने से अभिषेक शर्मा का बल्ला शांत है। उन्हें शुरुआत तो अच्छी मिल रही है, लेकिन वह उसे बड़ी पारी में बदल नहीं पा रहे हैं। पिछले 10 मैचों में (घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मिलाकर) वह सिर्फ एक ही अर्धशतक लगा पाए हैं। उनकी आखिरी फिफ्टी 2 दिसंबर को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आई थी, वह भी एक घरेलू मुकाबले में।
अभिषेक का फॉर्म इसलिए ज्यादा चिंता का कारण बन रहा है क्योंकि शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में टीम को उनसे तेज और मजबूत शुरुआत की उम्मीद है। अगर ओपनिंग में वह फेल होते हैं तो टीम पर दबाव बढ़ सकता है।
अभिषेक ने हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज भी खेली, लेकिन इस पूरी सीरीज में वह खास प्रदर्शन नहीं कर सके। इस सीरीज में उनका सबसे बड़ा स्कोर सिर्फ 35 रन रहा। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी के एक मैच में मुंबई के खिलाफ वह केवल 8 रन ही बना सके। इस मैच में गेंदबाजी करते हुए भी सरफराज खान ने उनकी जमकर पिटाई की।
हालांकि एशिया कप में अभिषेक का प्रदर्शन शानदार रहा था और पूरे टूर्नामेंट में गेंदबाज उनसे डरते नजर आए थे, लेकिन अगर टी20 वर्ल्ड कप में उनका बल्ला नहीं चला तो यह भारत के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। इसकी वजह यह भी है कि कप्तान सूर्यकुमार यादव खुद फॉर्म में नहीं हैं, तिलक वर्मा की फिटनेस पर सवाल है और ईशान किशन किस नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे, यह अभी तय नहीं है।
ऐसे में टीम इंडिया के लिए यह बेहद जरूरी है कि अभिषेक शर्मा जल्द से जल्द अपनी फॉर्म में लौटें, वरना वर्ल्ड कप में भारत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
