भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने विश्व कप 2027 और रोहित-विराट के भविष्य पर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया दी है। एमएस धोनी ने कहा कि विश्व कप खेलने के लिए उम्र नहीं, बल्कि फिटनेस और प्रदर्शन को ही मापदंड बनाया जाना चाहिए।
धोनी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि 30 या उससे अधिक उम्र होने भर से किसी खिलाड़ी पर सवाल उठाना उचित नहीं है। रोहित-कोहली जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को लेकर फैसला वही करेंगे क्योंकि उन्हें ही तय करना है कि वे देश के लिए कब तक खेलना चाहते हैं?
एमएस ने आगे कहा कि, “‘क्या उम्र मायने रखती है? बिल्कुल नहीं, फिटनेस सबसे अहम है, अगर कोई 22 साल का खिलाड़ी भी फिट नहीं है, तो उसे टीम में नहीं होना चाहिए। इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए तय मानक होते हैं। रोहित-विराट या आने वाले समय में कोई और खिलाड़ी, यह तय करना हमारा काम नहीं है कि वह अगला विश्व कप खेलेगा या नहीं। अगर वे लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और देश के लिए खेलने का जुनून रखते हैं, तो उन्हें जरूर खेलना चाहिए।”
