IND VS ENG 1st Test: गिल और पंत टिके

IND VS ENG 1st Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला टेस्ट कल यानि शुक्रवार 20 जून से शुरू हो गया है। पहले टेस्ट के पहले दिन हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड में भारतीय बल्लेबाजों के आगे इंग्लिश गेंदबाज बेबस नजर आए। इस मुकाबले का पहला दिन भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। कप्तान शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़ा जिसके चलते मेजबान इंग्लैंड बैकफुट पर दिख रहा है।

बता दें कि, पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पहली पारी में 3 विकेट खोकर 359 रन बना लिए है। कप्तान शुभमन गिल 127 और उप-कप्तान ऋषभ पंत 65 रन बनाकर नाबाद पवेलियन लौटे। दोनों ही बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट के लिए 138 रनों की पार्टनशिप हो चुकी है। वहीं, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की बात करें तो उन्होंने 159 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 1 सिक्स शामिल रहा। यशस्वी के टेस्ट करियर का ये पांचवां शतक रहा। यशस्वी और शुभमन गिल के बीच तीसरे विकेट के लिए 129 रनों की साझेदारी हुई। केएल राहुल ने भी 42 रन बनाकर भारतीय टीम को अच्छी शुरुआती दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर रहे साई सुदर्शन पहली पारी में कुछ खास नहीं कर सके और डक पर आउट हुए। वहीं, कुल मिलाकर देखा जाए तो लीड्स टेस्ट के पहले दिन रनों की बारिश हुई। भारत ने पहले दिन 85 ओवर खेले और उसका रनरेट 4.22 रहा, जो भारतीय बल्लेबाजों के अटैकिंग अंदाज को दर्शाता है। अगर देखा जाए तो टेस्ट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब भारतीय टीम ने इंग्लैंड दौरे के पहले ही दिन 300 से ज्यादा रन बनाए। वहीं, साथ ही ऐसा पांचवी बार हुआ जब किसी दौरे पर टेस्ट सीरीज के शुरुआती दिन भारत ने 300 से ज्यादा का स्कोर किया।

ये भी पढ़ें:

दुनिया भर में आज मनाया जा रहा योग दिवस, विशाखापट्टनम में क्या बोले PM मोदी?

By admin