अभय और दिग्विजय के बीच ज्वाइनिंग विवाद पर घमासान !
हरियाणा की राजनीति में चौटाला परिवार का नाम हमेशा सुर्खियों में रहता है। कभी सत्ता, कभी संगठन और कभी परिवारिक मतभेदों को लेकर चौटाला परिवार के किस्से चर्चाओं में रहते हैं। अब एक बार फिर इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला आमने-सामने आ गए हैं।
इस बार विवाद की वजह बनी है कार्यकर्ताओं की ज्वाइनिंग। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे पर तीखे आरोप लगाए और सोशल मीडिया से लेकर वीडियो बयानों तक में राजनीतिक घमासान मचा दिया।
अभय सिंह चौटाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि, JJP से जुड़े कई बड़े कार्यकर्ता अब इनेलो परिवार में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने लिखा कि, “आज पूर्व लोकसभा प्रत्याशी JJP धर्मवीर फौजी और बरोदा हलके से सरपंच नरेंद्र चहल गंगना, सरपंच सन्नी मलिक इशापुर खेड़ी, सरपंच संदीप नौरंद खेड़ी ने अपने साथियों-समर्थकों सहित इनेलो परिवार में अपनी आस्था व्यक्त की। आप सभी का हार्दिक स्वागत है।”
साथ ही अभय ने आगे लिखा कि, इन कार्यकर्ताओं के जुड़ने से इनेलो की ताकत और मजबूत होगी और परिवर्तन की लड़ाई को नई ऊर्जा मिलेगी।
वहीं अभय चौटाला के दावों पर दिग्विजय चौटाला ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि, इनेलो सिर्फ झूठ और फ्रॉड की बुनियाद पर राजनीति कर रही है। दिग्विजय ने कहा कि, “कुछ लोग राजनीति सिर्फ झूठ, फरेब, गुंडई और बदमाशी पर करना चाहते हैं।
अब जब उनका बस नहीं चल रहा तो बेचारों ने झूठ का सहारा लेना शुरू कर दिया है। ये लोग जनता को गुमराह कर रहे हैं।”
दिग्विजय ने साफ कहा कि, जिन कार्यकर्ताओं को अभय चौटाला JJP से आए बता रहे हैं, वे पहले से ही इनेलो से जुड़े हुए थे। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि, कुछ दिन पहले भी इनेलो ने झूठा दावा किया कि, JJP के कार्यकर्ता बाढ़ड़ा से शामिल हुए, लेकिन बाद में पता चला कि, वे पहले से ही इनेलो के कार्यकर्ता थे।
वहीं अभय चौटाला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि, धर्मवीर फौजी, जो JJP के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी रहे, अब इनेलो में शामिल हो गए हैं। लेकिन दिग्विजय चौटाला ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि “जिस धर्मवीर फौजी को आप JJP का उम्मीदवार बता रहे हैं, वे असल में आपकी ही पार्टी का उम्मीदवार रहा है।
इसे आप 4-5 बार पार्टी में ज्वाइन करवा चुके हैं। अब जनता को गुमराह करना बंद कीजिए।” साथ ही दिग्विजय ने यहां तक कह दिया कि अभय चौटाला मानसिक रूप से परेशान हैं और उन्हें इलाज करवाने की जरूरत है।
दिग्विजय चौटाला ने अभय चौटाला पर तंज कसते हुए कहा कि, “ये लोग कांग्रेस की बात नहीं करते, बीजेपी की बात नहीं करते, हुड्डा की बात नहीं करते। इन्हें सिर्फ JJP ही सपनों में आती है। इन्हें दिन-रात हमारी चिंता सताती है। जबकि हमारे छोटे-से कार्यकर्ता का भी नाम सुनकर ये परेशान हो जाते हैं।”
चाचा और भतीजे के बीच ये जुबानी जंग केवल राजनीतिक मुद्दों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें परिवारिक ताना-बाना भी झलकता दिखा। दिग्विजय ने कहा कि, “वे मेरे परिवार के लोग हैं, इसलिए ज्यादा नहीं कहना चाहता। लेकिन इनकी सोच और राजनीतिक समझ पर हंसी भी आती है और अचंभा भी होता है।”
हरियाणा की राजनीति में चौटाला परिवार का अलग महत्व है। ओम प्रकाश चौटाला से लेकर अजय चौटाला तक, इस परिवार ने राज्य की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाई। लेकिन पिछले कुछ सालों में परिवार में बंटवारा और राजनीतिक मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।
अब अभय और दिग्विजय के बीच की ये बयानबाजी एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि, आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले इस तरह की बयानबाजी कार्यकर्ताओं में असमंजस पैदा कर सकती है और विपक्ष को भी इसका फायदा मिल सकता है।

