शख्स ने टेलीकॉम टावर पर चढ़कर काटा बवाल

जम्मू के मिनी टाउनशिप में बुधवार को एक शख्स ने टेलीकॉम टावर में चढ़कर जमकर बवाल काटा। शख्स ने विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराने के लिए टेलीकॉम टावर पर चढ़ गया। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना जगती मिनी टाउनशिप के वेरिफिकेशन सेंटर में हुई जहा दुकान आवंटन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही थी।

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट की माने तो अधिकारियों ने बताया कि, प्रदर्शन करने वाला व्यक्ति बीते कई सालों से जगती कैंप में अपनी कार से कॉस्मेटिक और सजावटी सामान बेचकर आजीविका चला रहा है। हाल ही में विभाग द्वारा किए गए दुकान आवंटन प्रक्रिया में उसे दुकान नहीं मिल सकी, जिससे वह खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा था। इसी नाराजगी के चलते उसने टेलीकॉम टावर पर चढ़कर विरोध जताया।

वहीं, चश्मदीदों ने बताया कि, शख्स टावर पर चढ़ते ही जोर-जोर से अपनी मांगों को लेकर नारे लगाने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया।

बता दें कि, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने काफी देर तक व्यक्ति से बातचीत की और उसे समझाने की कोशिश की। अधिकारियों द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि उसकी शिकायत पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और मामले की जांच की जाएगी, व्यक्ति सुरक्षित रूप से नीचे उतर आया। पुलिस ने उसे किसी भी प्रकार की चोट पहुंचाए बिना टावर से नीचे उतार लिया।

By admin