श्रीनगर: नाका चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, LeT पोस्टर और पिस्टल बरामद

श्रीनगर में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता मिली है। शहर के बाबादेम इलाके में पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों बाइक पर सवार होकर इलाके से गुजर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस और प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े पोस्टर मिले। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं और मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान फैसल अहमद भट और फैसल अहमद गुरु के रूप में हुई है। दोनों ही श्रीनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों संदिग्ध बाइक पर घूम रहे थे, जब पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान उन्हें रोका।

जब उनकी तलाशी ली गई तो पुलिस को एक पिस्टल, तीन मैगजीन और 21 जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े 10 पोस्टर भी उनके पास से मिले। इन पोस्टरों को लेकर जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या दोनों किसी आतंकी संगठन से जुड़े हुए थे या फिर किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे।

इस पूरे मामले को लेकर श्रीनगर के एमआर गंज पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। केस नंबर 26/2025 के तहत दोनों आरोपियों पर UAPA (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम) और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही उनके नेटवर्क, संपर्क और किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल से जुड़े होने की आशंका की भी जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इनके पीछे कोई बड़ा संगठन सक्रिय है या यह एक स्वतंत्र गतिविधि थी।

ये भी पढ़े:

By admin