सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। खासकर चांदी के दाम में आई तेज गिरावट ने बाजार को चौंका दिया। एक ही कारोबारी दिन में चांदी करीब 16,600 रुपये प्रति किलो तक टूट गई, जबकि सोने की कीमत में भी लगभग 4,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार बंद होने तक सोना 3,947 रुपये की गिरावट के साथ 1,55,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं चांदी 16,595 रुपये टूटकर 2,48,201 रुपये प्रति किलो पर आ गई। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिका से आए आर्थिक आंकड़ों और ब्याज दरों को लेकर बढ़ी आशंकाओं ने कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ाया है।
दरअसल, अमेरिका में रोजगार से जुड़े आंकड़े उम्मीद से बेहतर आए हैं। मजबूत जॉब डेटा के बाद डॉलर और बॉन्ड यील्ड में तेजी देखने को मिली। आमतौर पर जब डॉलर मजबूत होता है, तो सोने और चांदी जैसी सुरक्षित निवेश संपत्तियों की मांग घट जाती है। यही वजह है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों में भारी बिकवाली देखने को मिली।
इसके अलावा निवेशकों को यह भी आशंका है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल ब्याज दरों में बढ़ोतरी कर सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है, जिससे महंगाई बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। यदि महंगाई बढ़ती है तो फेड ब्याज दरें बढ़ाने का फैसला कर सकता है, जिसका असर सीधे सोने और चांदी की कीमतों पर पड़ता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड करीब 3.2 प्रतिशत गिरकर 4,330.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 7.1 प्रतिशत टूटकर 68.63 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। भारतीय बाजार में भी इसका असर देखने को मिला, जहां सोना करीब 2 प्रतिशत और चांदी लगभग 7 प्रतिशत तक कमजोर हुई।
देश के प्रमुख शहरों में भी सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में 22 कैरेट सोने का भाव 1,43,860 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चेन्नई में यह 1,45,525 रुपये, मुंबई में 1,42,752 रुपये और बेंगलुरु में करीब 1,43,200 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।
अब निवेशकों की नजर 16-17 जून को होने वाली अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर टिकी हुई है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक में ब्याज दरों को लेकर दिए जाने वाले संकेत आने वाले दिनों में सोना और चांदी की दिशा तय कर सकते हैं। यदि फेड सख्त रुख अपनाता है तो कीमती धातुओं पर दबाव और बढ़ सकता है, जबकि नरम संकेत मिलने पर बाजार में फिर से तेजी लौट सकती है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आने वाला है। जिस तृणमूल…
उत्तर प्रदेश के लखनऊ के पास स्थित मलिहाबाद का कसमंडी कलां गांव इन दिनों आम…
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को आयोजित होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध…
भारतीय क्रिकेट टीम के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए शुक्रवार को टीम का ऐलान…
पटना में पिछले दिनों हुए विवाद और गोलीबारी मामले के बाद चर्चित शिक्षक एवं खान…
बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार रात उस समय भारी हंगामा देखने को मिला, जब…