राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजनराष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन

राष्ट्रीय एकता दिवस पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन

 

हरियाणा में शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके के दौरान “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का आयोजन पूरे जोश और उत्साह के साथ किया गया

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने फतेहाबाद से इस अभियान की शुरुआत की और खुद युवाओं के साथ दौड़ में शामिल हुए। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और लगभग 1.5 किलोमीटर तक दौड़ लगाकर युवाओं में ऊर्जा और एकता का संदेश दिया।

फतेहाबाद के पंचायत भवन से शुरू हुई ये दौड़ परशुराम चौक, एमसी कॉलोनी मोड़, लालबत्ती चौक और रतिया रोड होते हुए एमएम कॉलेज के मैदान तक पहुंची। पूरे रास्ते में लोग “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाते हुए दिखे।

प्रशासन के मुताबिक, इस कार्यक्रम में करीब 20 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिनमें 76 स्कूलों के लगभग 10 हजार छात्र शामिल थे। इन छात्रों को लाने के लिए रोडवेज की 50 से अधिक बसें लगाई गईं।

WhatsApp Image 2025 10 31 at 11.55.46 AM 1

वहीं, खेल विभाग के खिलाड़ी, रेडक्रॉस के स्वयंसेवक, कॉलेजों के छात्र और आम नागरिक भी इस आयोजन का हिस्सा बने। शहर में माहौल देशभक्ति और उत्साह से सराबोर था। कई जगहों पर फूलों की बारिश कर प्रतिभागियों का स्वागत किया गया

इस कार्यक्रम के दौरान CM सैनी ने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि, “पटेल केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा है”।

साथ ही CM सैनी ने कहा कि, “सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर अखंड भारत की नींव रखी। उनका दृढ़ संकल्प और एकता का संदेश आज भी देश को दिशा दे रहा है। ये दौड़ सिर्फ शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि भारत की एकता और अखंडता का प्रतीक है।”

उन्होंने मंच से सभी प्रतिभागियों को “राष्ट्रीय एकता की शपथ” दिलाई और कहा कि ये दौड़ युवाओं को अनुशासन, सहनशक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती है। साथ ही मुख्यमंत्री ने हरियाणा दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

हालांकि इस आयोजन के बीच एक दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला। पंचायत भवन के सामने बनाए गए 12 फुट ऊंचे मंच पर मुख्यमंत्री के साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और कुछ BJP नेता मौजूद थे, लेकिन एग्रो इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढा और एससी आयोग के चेयरमैन रविन्द्र बलियाला को मंच पर जगह नहीं मिली।

दोनों नेता भीड़ के बीच ही खड़े दिखाई दिए। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा रही कि, आखिर दो बड़े पदाधिकारियों को मंच से दूर क्यों रखा गया।

वहीं मंच पर मुख्यमंत्री सैनी के साथ पूर्व विधायक दुड़ाराम, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, आईपीएस पंकज नैन, डीसी विवेक भारती और एसपी सिद्धांत जैन मौजूद रहे।

पंचकूला में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने युवाओं के साथ दौड़ लगाकर फिटनेस और एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, “सरदार पटेल की एकता की सोच हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा है। फिटनेस और राष्ट्रप्रेम, दोनों ही देश को सशक्त बनाते हैं।”

इस के अलावा अन्य जिलों में भी “रन फॉर यूनिटी” को लेकर उत्साह दिखाई दिया। राज्य के कई जिलों में नेताओं और मंत्रियों ने इस आयोजन में भाग लिया।

सोनीपत में BJP प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मेयर राजीव जैन और विधायक पवन ने युवाओं के साथ दौड़ लगाई। करनाल में विधायक जगमोहन आनंद ने कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाई। नारनौल में विधायक कंवर सिंह यादव शामिल हुए।

फरीदाबाद में कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा और हिसार में कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने भी युवाओं के साथ दौड़ लगाकर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। हर जगह युवाओं, स्कूली बच्चों और महिला समूहों की भारी भागीदारी देखने को मिली।

“रन फॉर यूनिटी” के कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ सरदार पटेल की जयंती मनाना नहीं, बल्कि युवाओं में एकता, राष्ट्रप्रेम और सहयोग की भावना को मजबूत करना था। फतेहाबाद से लेकर पंचकूला तक हर जिले में ये संदेश गूंजा कि, भारत की असली ताकत उसकी विविधता में एकता है।