पवित्र सावन माह के दौरान श्री काशी विश्वनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सावन के शुरुआती 19 दिनों में ही 53 लाख 69 हजार 634 से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर दर्शन और जलाभिषेक कर चुके हैं। लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के बेहतर समन्वय से दर्शन और जलाभिषेक की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है।
हर सोमवार पहुंच रहे औसतन 5.5 लाख श्रद्धालु
सावन के प्रत्येक सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में आस्था का बड़ा सैलाब देखने को मिल रहा है। औसतन करीब 5.5 लाख श्रद्धालु हर सोमवार दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने विशेष क्राउड मैनेजमेंट व्यवस्था लागू की है।
मंदिर परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करने और उन्हें सुविधाजनक तरीके से दर्शन कराने के लिए प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।
बचे 9 दिनों में 80 लाख पार हो सकता है आंकड़ा
सावन के शेष 9 दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या 80 लाख के आंकड़े को पार करने का अनुमान लगाया जा रहा है। संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को और मजबूत करना शुरू कर दिया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कतार वाले क्षेत्रों में पेयजल और छाया की व्यवस्था बढ़ाई गई है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मंदिर परिसर और प्रमुख मार्गों पर मेडिकल टीमों तथा एंबुलेंस की तैनाती की गई है।
प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराने के साथ भीड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने पर है।
