रजत दलाल ने ‘द 50’ और ‘बिग बॉस 18’ से खूब सुर्खियां बटोरने के बाद अपने फैंस को चौंका दिया है। उन्होंने चुपचाप शादी कर ली है और इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी। यह एक प्राइवेट समारोह था, जिसमें रजत ने अपनी पत्नी के साथ सात फेरे लिए। शादी की तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने इसे अपनी जिंदगी की नई शुरुआत बताया और फैंस से आशीर्वाद मांगा।
रजत दलाल एक फिटनेस इंफ्लुएंसर हैं, जिन्हें ‘बिग बॉस 18’ से काफी पहचान मिली। इस शो में उनकी और चाहत पांडे की जोड़ी को लोग पसंद कर रहे थे और दोनों के रिश्ते को लेकर कई चर्चाएं भी हुईं। हालांकि, रजत ने कभी इस रिश्ते को खुलकर स्वीकार नहीं किया। इसके बाद दोनों ‘द 50’ में भी साथ नजर आए, जहां फिर से उनके लिंक-अप की खबरें सामने आईं।
अब रजत की शादी के बाद सबसे बड़ा सवाल उनकी पत्नी को लेकर बना हुआ है। उन्होंने अपनी पोस्ट में पत्नी का नाम या कोई जानकारी साझा नहीं की है। कुछ लोगों का मानना है कि यह वही लड़की हो सकती है, जिसके बारे में रजत ने ‘बिग बॉस 18’ में इशारा किया था। हालांकि, अभी तक उनकी पत्नी की पहचान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
