राजस्थान के दौसा में शुक्रवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर आरटीओ कार्यालय के पास एक तेज रफ्तार कार की ट्रक से भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरटीओ टीम ने जांच के लिए एक ट्रक को रोका था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उस ट्रक में जा भिड़ी। डीएसपी रवि प्रकाश ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार सभी चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है और आशंका जताई जा रही है कि ट्रक के अचानक रुकने के कारण ये हादसा हुआ। पुलिस और राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
