Rajasthan BJP government is promoting tourism: राजस्थान की भाजपा सरकार दे रही टूरिज्म को बढ़ावा
राजस्थान सरकार राज्य में पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठा रही है। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने हाल ही में घोषणा की है कि, सरकार जल्द ही एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर आधारित मोबाइल ऐप लॉन्च करने वाली है। ये नई पहल, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ राज्य में उनके ठहराव की अवधि बढ़ाने पर केंद्रित है।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बताया कि, ये नया मोबाइल ऐप राजस्थान पर्यटन के लिए एक गेम-चेंजर साबित होगा। ये ऐप, जो AI तकनीक से संचालित होगा, हर पर्यटक की व्यक्तिगत पसंद और प्राथमिकताओं के आधार पर उनके लिए एक अनुकूलित यात्रा कार्यक्रम तैयार करेगा।
दीया कुमारी ने इस सुविधा को विस्तार से समझाते हुए कहा कि, जैसे ही कोई पर्यटक अपने फोन में इस ऐप को डाउनलोड करेगा, ये उसकी रुचियों को समझकर तुरंत उसकी आइटनरी बना देगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि, अगर किसी पर्यटक को वाइल्डलाइफ में रुचि है, तो ऐप उसी के अनुसार रणथंभौर या सरिस्का जैसे स्थानों को शामिल करेगा।
जो लोग धार्मिक दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए गोविंद देव जी या मेहंदीपुर बालाजी जैसे मंदिरों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिन पर्यटकों को किले और ऐतिहासिक स्थल देखने का शौक है, उनके लिए जयपुर, जोधपुर या जैसलमेर के प्रसिद्ध किलों को यात्रा सूची में जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा, जो पर्यटक राजस्थान के खान-पान का अनुभव लेना चाहते हैं, ऐप उन्हें स्थानीय खाद्य स्थलों और विशिष्ट व्यंजनों का मार्गदर्शन करेगा। उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने इस बात पर जोर दिया कि इस ऐप में केवल यात्रा कार्यक्रम बनाने की सुविधा ही नहीं होगी, बल्कि सुरक्षा सुविधाएं Safety Features भी उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि, ये फोन ऐप पर्यटकों को आपात स्थिति में नज़दीकी पुलिस स्टेशन और अस्पताल को ढूंढने में भी मदद करेगा। ये सुविधा राजस्थान घूमने आने वाले सभी पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण आश्वासन प्रदान करेगी।
दीया कुमारी ने कहा कि इस ऐप को बहुत जल्द लॉन्च किया जाएगा और इसमें कई नई तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पर्यटकों का अनुभव सरल और सुरक्षित हो सके। सरकार का उद्देश्य है कि वो आधुनिक तकनीक का उपयोग करके राजस्थान को एक विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करे।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने प्रसिद्ध तीर्थ स्थल खाटू श्याम जी में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि, इस क्षेत्र में केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों के सहयोग से बड़े पैमाने पर काम चल रहा है। पीडब्ल्यूडी और नेशनल हाईवे द्वारा सड़कों के निर्माण और सुधार का काम हो रहा है। यातायात की समस्या को हल करने के लिए एक रिंग रोड भी बनाई जा रही है। खाटू श्याम जी में कई नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। ये कार्य विशेष रूप से मेले के दौरान होने वाली भारी भीड़ और ट्रैफिक की दिक्कत को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
दीया कुमारी ने बताया कि, इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए एक व्यापक प्लान तैयार किया जा चुका है और उस पर काम शुरू हो चुका है। सरकार का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन का अनुभव सुगम हो।
राजस्थान सरकार का एक प्रमुख उद्देश्य ये सुनिश्चित करना है कि पर्यटक राज्य में केवल एक ही जगह पर न रुकें, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करें और अधिक समय बिताएं। इसी रणनीति के तहत, दीया कुमारी ने नए पर्यटन सर्किटों और क्षेत्रीय विकास पर जोर दिया।
उपमुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि, अगर कोई श्रद्धालु खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए आता है, तो उसे आस-पास के अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भी दौरा करना चाहिए, जैसे कि, शाकंभरी माता, सालासर बालाजी, शेखावाटी की हवेलियां… उन्होंने बताया कि, सरकार झुंझुनूं में एक वॉर म्यूजियम भी तैयार कर रही है, जिसके लिए डीपीआर यानी के Detailed Project Report बनाई जा रही है। इस पूरी पहल से शेखावाटी क्षेत्र एक संपूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित हो जाएगा।
वहीं, डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने बताया कि, उदयपुर में पर्यटक बड़ी संख्या में आते हैं और श्रीनाथजी समेत अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हैं। अब सरकार की योजना है कि इन पर्यटकों को कई ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों की ओर भी आकर्षित किया जाए… जैसे कि, राजसमंद, हल्दीघाटी, कुंभलगढ़, चित्तौड़गढ़,बांसवाड़ा,डूंगरपुर….
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि, इन सभी पहलों का मुख्य उद्देश्य ये है कि, पर्यटक राजस्थान में एक नहीं, बल्कि 2-3 दिन या उससे अधिक समय तक रुकें। डिप्टी सीएम ने कहा कि, सरकार इस उद्देश्य को हासिल करने के लिए कई कदम उठा रही है…जिसके तहत.. नए पर्यटक केंद्र बनाए जा रहे हैं।, अच्छी सड़कों का निर्माण किया जा रहा है।..बुनियादी सुविधाओं (मूलभूत सुविधाएं) को विकसित किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने कहा कि, “हमारा उद्देश्य साफ है। हम राजस्थान में पर्यटक को अधिक से अधिक समय तक रोकना चाहते हैं। ये तभी संभव होगा जब उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।”
ऐसे में ये कहना कतई गलत नहीं होगा कि, ये समग्र दृष्टिकोण, AI-आधारित तकनीक, धार्मिक स्थलों का विकास, और नए पर्यटन सर्किटों का निर्माण… राजस्थान को देश और दुनिया के नक्शे पर एक अग्रणी पर्यटन गंतव्य के रूप में मजबूती देगा…

