?>
उत्तराखंड में बारिश बनी आफत! कई जिलों में रेड अलर्ट

उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं और नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। भारी बारिश को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

IMD के अनुसार, 9 और 10 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़ और नदियों में उफान का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन को भी अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम विभाग ने 10 जुलाई के लिए ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, पौड़ी और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा राज्य के कई अन्य इलाकों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

भारी बारिश को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है। प्रशासन ने अभिभावकों और लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

उधर, कोटद्वार में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर की कई सड़कें और गलियां पानी में डूब गई हैं। जलभराव इतना ज्यादा है कि लोगों को घुटनों तक पानी में चलकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। कई कॉलोनियों में हालात तालाब जैसे बन गए हैं।

सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। कई जगह बच्चों को दीवारों का सहारा लेकर पानी से भरी सड़कों को पार कर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है, जिसके कारण थोड़ी सी बारिश में भी सड़कों पर पानी भर जाता है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। ऐसे में लोगों को नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी इलाकों में यात्रा टालने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

ये भी पढ़ें:

By admin