प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 75वें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं.
पीएम नरेंद्र मोदी जन्म आज ही के दिन 17 सितंबर 1950 को हुआ था और वे देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरी बार जनसेवा कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत में ऐसी कई योजनाएं लागू हुई हैं, जिनका सीधा लाभ आज करोड़ों नागरिकों को मिल रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है, चाहे बात मुफ्त अनाज की हो, बैंकिंग सुविधा की या घर-घर तक बिजली पहुंचाने की। आइए, मोदी सरकार की 10 सबसे अहम योजनाओं की विस्तार से जानकारी लेते हैं, जिन्होंने देश के विकास के साथ ही आम जनजीवन को नई दिशा दी है।

1- प्रधानमंत्री आवास योजना
प्रधानमंत्री आवास योजना मोदी सरकार की एक क्रांतिकारी पहल है, जिसके तहत गरीब और कमजोर वर्ग को अपना पक्का घर मुहैया कराया जा रहा है। इस योजना की शुरुआत 25 जून 2015 को हुई थी। अब तक 3.61 करोड़ घरों का निर्माण पूरा किया जा चुका है। योजना का विस्तार 2029 तक कर दिया गया है और अतिरिक्त 2 करोड़ घरों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे लाखों परिवारों का घर का सपना साकार हुआ है।
2- पीएम जनधन योजना
मोदी सरकार ने हर नागरिक को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने के लिए 28 अगस्त 2014 को पीएम जनधन योजना शुरू की। इसमें जीरो बैलेंस पर अकाउंट खुलता है और खाताधारक को ओवरड्राफ्ट, रुपे कार्ड, 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। अगस्त 2025 तक इस योजना के तहत 56.04 करोड़ खाते खोले जा चुके हैं, जिसमें महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 55-56% है। ये वित्तीय समावेशन का अभूतपूर्व उदाहरण है।
3- अटल पेंशन योजना
संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों के लिए पेंशन सुनिश्चित करने हेतु 9 मई 2015 को अटल पेंशन योजना की शुरुआत हुई। 18 से 40 साल की उम्र के लोग योजना में अपना अकाउंट खोल सकते हैं और 60 वर्ष बाद हर महीने 1,000 से 5,000 रुपये पेंशन पा सकते हैं। अप्रैल 2025 तक 7.65 करोड़ से अधिक लोग योजना का लाभ उठा चुके हैं।
4- पीएम उज्ज्वला योजना
गरीब परिवारों को धुएं से राहत और स्वच्छ ईंधन उपलब्ध करने के लिए 1 मई 2016 को पीएम उज्ज्वला योजना शुरू की गई। इसके तहत बीपीएल परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन और सब्सिडी पर एलपीजी सिलेंडर दिए जाते हैं। 1 मार्च 2025 तक 10.33 करोड़ कनेक्शन दिए गए, जिससे करोड़ों महिलाओं को स्वस्थ जीवन मिला है।
5- प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना
9 मई 2015 को शुरू की गई इस योजना के तहत 18 से 70 वर्ष के नागरिकों को सिर्फ 20 रुपये सालाना प्रीमियम में 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा मिलता है। आंशिक विकलांगता के लिए 1 लाख रुपये का कवर मिलता है। अप्रैल 2025 तक 51.06 करोड़ से अधिक लोगों के नामांकन हो चुके हैं, जिसमें 3,121.02 करोड़ रुपये दावों के लिए वितरित किए गए हैं।
6- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना 2015 में शुरू हुई थी, जिसमें 18 से 55 साल के लोग सिर्फ 436 रुपये सालाना प्रीमियम देकर 2 लाख रुपये का लाइफ इंश्योरेंस पा सकते हैं। अप्रैल 2025 तक 23.63 करोड़ नॉमिनेशन हो चुके हैं और 18,397.92 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया है। ये सबसे किफायती जीवन बीमा पॉलिसी मानी जाती है।
7- आयुष्मान भारत योजना
ये योजना गरीबों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 23 सितंबर 2018 को शुरू हुई थी। इससे पांच लाख रुपये तक का फ्री इलाज मिलता है, इसका विस्तार 2024 में वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कर दिया गया है। योजना में 34.7 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी हो चुके हैं और 6 करोड़ से ज्यादा वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ा गया है।
8- पीएम किसान सम्मान निधि योजना
किसानों की आर्थिक मदद के लिए 24 फरवरी 2019 को पीएम किसान योजना शुरू हुई। इसके तहत छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6000 रुपये तीन किस्तों में दिए जाते हैं। अब तक 20 किस्तें जारी हो चुकी हैं और लगभग 85% किसान लाभान्वित हुए हैं। इससे लाखों किसानों की आय में स्थिरता आई है।
9- पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना
कोविड-19 महामारी के समय 26 मार्च 2020 को पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना शुरू की गई थी। इसके तहत देश के 80 करोड़ लोगों को हर महीने 5 किलो मुफ्त अनाज प्रदान किया जाता है। सरकार ने इस योजना को 2024 से 5 वर्षों के लिए आगे बढ़ा दिया है, जिससे करोड़ों लोगों को खाद्य सुरक्षा मिली है।
10- पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना
पिछले साल 15 फरवरी 2024 को पीएम सूर्यघर योजना की शुरुआत हुई, ताकि लोगों को मुफ्त बिजली दी जा सके। इसके तहत 300 यूनिट बिजली फ्री मिलती है और सोलर पैनल लगवाने पर सरकार द्वारा 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है। 10 लाख घरों में सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। योजना से 47.3 लाख आवेदन हुए हैं, जिसमें 4,770 करोड़ रुपये सब्सिडी के तौर पर वितरित किए गए हैं।
इन सभी योजनाओं की खासियत ये है कि इनका मकसद समाज के कमजोर, गरीब और पिछड़े वर्ग की मदद करना है। मोदी सरकार की योजनाएं वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा, आवास और स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव लेकर आई हैं। इनके असर से करोड़ों लोगों की जिंदगी में सकारात्मक परिवर्तन हुआ है…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बीते वर्षों में जो योजनाएं लागू की हैं, उनका लाभ देश के लगभग हर नागरिक तक पहुंचा है। उनके कार्यकाल में शुरू हुई योजनाओं ने समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा में लाने का काम किया है। गरीबों को आवास, मुफ्त अनाज, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं तक आसान पहुंच दिलाई गई है। मोदी सरकार की ये योजनाएं आज देश के विकास, समानता और खुशहाली का आधार बन चुकी हैं और देश को आगे बढ़ाने में मजबूत भूमिका निभा रही हैं।

