हरियाणा में PM नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियां तेजहरियाणा में PM नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियां तेज

हरियाणा में PM नरेंद्र मोदी के आगमन की तैयारियां तेज

 

हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रधानमंत्री 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल हो सकते हैं।

जिसे लेकर हरियाणा सरकार ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, BJP का लक्ष्य इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में कम से कम 50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का है। वहीं, प्रदेश सरकार इस अवसर पर प्रधानमंत्री से कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करवाने की तैयारी में है

हरियाणा सरकार ने सभी संबंधित विभागों को आदेश जारी किए हैं कि, जिन विकास परियोजनाओं का कार्य लंबित है, उन्हें 25 नवंबर से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि PM के दौरे के दौरान उन्हें जनता को समर्पित किया जा सके।

इस बीच पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट के डायरेक्टर जनरल द्वारा जारी एक पत्र भी सामने आया है, जिसमें 25 नवंबर को PM नरेंद्र मोदी के हरियाणा दौरे का उल्लेख किया गया है। हालांकि, सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में भव्य आयोजन होने जा रहा है, जहां गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस पर विशेष श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम में शामिल होकर देशभर के श्रद्धालुओं को संबोधित कर सकते हैं।

कार्यक्रम का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के त्याग, शांति और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

हरियाणा सरकार ने गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में चार “शांति यात्राएं” निकालने की घोषणा की है, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों से होकर गुजरेंगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पहली यात्रा: 8 नवंबर को सिरसा के रोड़ी साहिब से शुरू होगी।

दूसरी यात्रा: 11 नवंबर को पिंजौर से निकलेगी। तीसरी यात्रा: 14 नवंबर को फरीदाबाद से प्रस्थान करेगी। चौथी यात्रा: 18 नवंबर को यमुनानगर के कपाल मोचन से शुरू होगी। ये सभी यात्राएं 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में एकत्रित होंगी, जहां प्रधानमंत्री की मौजूदगी में एक बड़ा समापन समारोह होगा

CM सैनी खुद इन यात्राओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उनका कहना है कि, इन यात्राओं का उद्देश्य सिख गुरुओं के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में धार्मिक एकता का संदेश फैलाना है। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (HSGPC) भी सरकार के साथ मिलकर यात्राओं के आयोजन और प्रबंधन में सहयोग करेगी।

ऐसे में हरियाणा पुलिस, ट्रैफिक डिपार्टमेंट और जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि, यात्राओं और मुख्य कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

भीड़ को नियंत्रित करने, रास्तों को साफ रखने और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि, इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी का 17 अक्टूबर को सोनीपत दौरा प्रस्तावित था, जिसे अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया।

उस समय राज्य में IPS वाई पूरन कुमार और ASI संदीप लाठर के आत्महत्या मामलों के बाद बने हालात को देखते हुए ये निर्णय लिया गया था।

वहीं, CM सैनी हाल ही में पटना दौरे के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले थे। उस मुलाकात में PM के हरियाणा दौरे को लेकर भी चर्चा हुई थी। शाह ने सैनी को कार्यक्रम की रूपरेखा और सुरक्षा प्रोटोकॉल पर ध्यान देने के निर्देश दिए थे।

BJP इस दौरे को हरियाणा में राजनीतिक ऊर्जा भरने वाले कार्यक्रम के रूप में देख रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि, PM की मौजूदगी से न केवल धार्मिक कार्यक्रम को बल मिलेगा, बल्कि 2026 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल भी BJP के पक्ष में बनेगा।

साथ ही इस कार्यक्रम के दौरान कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास, राज्य की उपलब्धियों की झलक, और जनसंपर्क अभियान की शुरुआत होने की संभावना है।