भारतीय जनता पार्टी को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। नितिन नबीन ने औपचारिक रूप से पार्टी की जिम्मेदारी संभाल ली है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में भाजपा नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पार्टी के सफर को याद किया और कहा कि, भाजपा ने बहुत संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं ने पार्टी को मजबूत नींव दी। बाद में वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी के समय संगठन का विस्तार हुआ। राजनाथ सिंह के नेतृत्व में भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई और अमित शाह के दौर में पार्टी कई राज्यों में सत्ता में पहुंची। जेपी नड्डा के समय में भाजपा पंचायत से लेकर संसद तक और मजबूत हुई।
प्रधानमंत्री मोदी ने खुद को सबसे पहले पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि यही उनकी पहचान है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अब नितिन नबीन सिर्फ अध्यक्ष नहीं हैं, बल्कि उनके “बॉस” हैं। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन की जिम्मेदारी सिर्फ भाजपा तक सीमित नहीं है, बल्कि एनडीए के सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना भी उनका काम होगा।
नए अध्यक्ष की पीएम ने की तारीफ
पीएम मोदी ने नितिन नबीन की तारीफ करते हुए कहा कि वह सरल, सहज और जमीन से जुड़े नेता हैं। जो भी उनसे मिलता है, उनके व्यवहार से प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि आने वाले 25 साल भारत के लिए बहुत अहम हैं और विकसित भारत बनाने में भाजपा की बड़ी भूमिका होगी। नितिन नबीन ने बदलावों का दौर देखा है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं।
भाजपा पार्टी नहीं एक परिवार है- पीएम
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने भाजपा को सिर्फ एक पार्टी नहीं बल्कि एक परिवार बताया। उन्होंने कहा कि यहां पद बदलते हैं, लेकिन विचार नहीं बदलते। नेतृत्व बदलता है, लेकिन दिशा वही रहती है। भाजपा की ताकत उसकी जड़ों में है, जो देश के हर कोने से जुड़ी हुई हैं।
