चारधाम

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में हर दिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 23 मई को एक ही दिन में 1 लाख 2 हजार 864 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो इस सीजन का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बन गया। यात्रा शुरू होने के बाद अब तक 20 लाख 86 हजार 341 श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके हैं।

हालांकि, श्रद्धा और उत्साह के इस माहौल के बीच लगातार सामने आ रही मौतों की खबरों ने चिंता बढ़ा दी है। अब तक चारधाम यात्रा के दौरान 86 यात्रियों की मौत हो चुकी है। ज्यादातर मामलों में अचानक तबीयत बिगड़ना और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सामने आई हैं।

रुद्रप्रयाग में दो दिनों में चार यात्रियों की मौत

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, रुद्रप्रयाग जिले में दो दिनों के भीतर चार श्रद्धालुओं की जान चली गई। 23 मई को गौरीकुंड मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की चपेट में आने से मध्य प्रदेश निवासी 35 वर्षीय बोंदर सिंह की मौत हो गई। वहीं उसी रात नई दिल्ली के 62 वर्षीय मनवर सिंह की गुप्तकाशी में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इसके अलावा महाराष्ट्र निवासी 60 वर्षीय धर्मराज देसाई की फाटा रामपुर में और बिहार निवासी 56 वर्षीय के.आर. सुरेशराव की केदारनाथ स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई।

चमोली और उत्तरकाशी में भी गई जान

चमोली जिले में असम निवासी सोम बोस्या की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। वहीं उत्तरकाशी में राजस्थान के 75 वर्षीय भरत दास यमुनोत्री यात्रा के दौरान चल बसे।
प्रशासन के मुताबिक, अब तक यात्रा में कुल 86 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकतर बुजुर्ग और बीमार यात्री शामिल हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान है। मौसम विभाग ने यात्रियों को सावधानी बरतने और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

वनाग्नि और सड़क हादसों ने बढ़ाई मुश्किलें

चारधाम यात्रा के बीच कई जिलों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। अल्मोड़ा, नैनीताल, पौड़ी, चमोली और टिहरी के जंगलों में वन विभाग की टीमें आग बुझाने में जुटी हैं। वहीं सड़क हादसों के आंकड़े भी चिंता बढ़ा रहे हैं। इस साल अब तक उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं में 110 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 405 लोग घायल हुए हैं।

प्रशासन की यात्रियों से अपील

राज्य प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले हेल्थ चेकअप जरूर कराएं। खासकर हृदय रोग, हाई ब्लड प्रेशर और सांस की बीमारी से पीड़ित लोग अतिरिक्त सावधानी बरतें। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1070 पर संपर्क करें।

ये भी पढ़ें:

By admin