पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर हुई बढ़ोत्तरी

देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच तेल कंपनियों ने लगातार तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। पिछले 10 दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 5 रुपये तक का इजाफा हो चुका है, जिससे आम जनता की चिंता बढ़ गई है।

इस बार पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले भी तेल कंपनियां दो बार दाम बढ़ा चुकी हैं। पहले चरण में पेट्रोल करीब 90 पैसे और डीजल लगभग 3 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ था।

तेल कंपनी IOCL का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें एक साथ ज्यादा नहीं बढ़ाई जाएंगी, बल्कि धीरे-धीरे बढ़ोतरी की जाएगी ताकि आम लोगों पर अचानक बड़ा बोझ न पड़े। कंपनियों का मानना है कि इस तरीके से कच्चे तेल की महंगाई से होने वाले नुकसान की भरपाई भी हो सकेगी और ग्राहकों पर असर भी कम पड़ेगा।

देश के बड़े शहरों में पेट्रोल के नए दाम

दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
कोलकाता में पेट्रोल 110.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
मुंबई में पेट्रोल 108.49 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 105.31 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

डीजल के नए रेट

दिल्ली में डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
कोलकाता में डीजल की कीमत 97.02 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।
मुंबई में डीजल 95.02 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।
चेन्नई में डीजल 96.98 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

इसके अलावा नोएडा में पेट्रोल करीब 97.76 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90 से 91 रुपये प्रति लीटर के बीच पहुंच चुका है। पटना में पेट्रोल 109.54 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.09 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं लखनऊ में पेट्रोल करीब 97.72 रुपये और डीजल 87.80 रुपये प्रति लीटर के आसपास पहुंच गया है।

क्यों बढ़ रहे हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

दरअसल पश्चिम एशिया में जारी तनाव और ईरान-अमेरिका संघर्ष के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हो रही है। होर्मुज जलडमरूमध्य पर संकट के चलते मध्य पूर्व से तेल की सप्लाई सामान्य नहीं हो पा रही है। इसका असर पूरी दुनिया के बाजार पर दिखाई दे रहा है।

कच्चे तेल की कीमत फिलहाल 105 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई है। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में और बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। इससे महंगाई पर भी असर पड़ सकता है, क्योंकि परिवहन खर्च बढ़ने से रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो सकती हैं।

ये भी पढ़ें:

By admin