उत्तर प्रदेश बीजेपी के नए अध्यक्ष का एलान हो गया है। महराजगंज से 7 बार के लोकसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का नाम यूपी के नए भाजपा प्रदेश के लिए घोषित किया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ पार्टी दफ्तर में कार्यक्रम में उनका नाम की औपचारिक घोषणा की गई।

बता दें कि, कार्यक्रम की शुरुआत स्वस्ति वाचन, शंखनाद और डमरू वादन के साथ हुई, जिसके बाद पंकज चौधरी को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कराया गया। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंपा।
कार्यक्रम में केंद्रीय चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित यूपी बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यूपी बीजेपी अध्यक्ष पद के लिए अपने नाम की घोषणा के बाद पंकज चौधरी मंच पर पहुंचे, जहां वरिष्ठ बीजेपी नेताओं ने उन्हें बधाई दी।
कौन है पकंज चौधरी ?
महाराजगंज से सात बार के सांसद और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की बीजेपी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं, इससे पहले शनिवार को पंकज चौधरी ने एकमात्र उम्मीदवार के रूप में इस पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था, जिसे निर्विरोध मंजूरी मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक उनके प्रस्तावक बने।
