THUMB 4 3

channel4news logoCHANNEL4 NEWS INDIA


हरियाणा कांग्रेस के संगठन विस्तार का काम अभी भी अधर में लटका है। राहुल गांधी ने 30 जून तक हरियाणा में कांग्रेस जिलाध्यक्षों की घोषणा करने का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन 30 जून तो छोड़िए जुलाई भी आधे से ज्यादा निकल चुका है लेकिन अभी भी कांग्रेस के जिलाध्यक्षों की लिस्ट का इंतजार है। हांलाकि की लिस्ट बन चुकी है। लेकिन सूत्रों का मानना है कि हरियाणा कांग्रेस के कई नेता इस लिस्ट लेकर खुश नहीं है। जिसके चलते अभी भी देरी हो रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि पार्टी ने सभी जिलों से फीडबैक लेकर, केंद्रीय पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के आधार पर जिलाध्यक्षों की छंटनी प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। अब यह पूरी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के पास भेजी जाएगी। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी ही इस पर आखिरी फैसला लेंगे कि किन नामों पर मुहर लगाई जाए।

जिलाध्यक्षों की लिस्ट पर राहुल गांधी लेंगे अंतिम फैसला

दिल्ली से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अगर राहुल गांधी ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट को मंजूरी दे दी, तो सीधे ही जिलाध्यक्षों के नामों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी। हालांकि, इस बात की भी संभावना है कि राहुल गांधी लिस्ट जारी करने से पहले हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करना चाहें। क्योंकि जैसा ही हमने पहले बताया की कई नेता लिस्ट को लेकर खुश नहीं है। बता दें कि हरियाणा कांग्रेस के संगठन निर्माण को लेकर इस बार राहुल गांधी खुद भी काफी गंभीर नजर आ रहे हैं। इसी वजह से वे खुद चंडीगढ़ जाकर केंद्रीय और प्रदेश पर्यवेक्षकों के साथ बैठक कर चुके हैं। राहुल गांधी के निर्देश पर पार्टी ने अन्य राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को हरियाणा के अलग-अलग जिलों में केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाकर भेजा था। उनके साथ स्थानीय नेताओं को भी प्रदेश पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था। इन पर्यवेक्षकों ने हर जिले में जाकर नेताओं और कार्यकर्ताओं से सीधी बातचीत की और जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारों के आवेदन भी जमा किए। साथ ही फील्ड से मिलने वाले फीडबैक को भी इकट्ठा किया गया।

दिल्ली में कई दौर की बैठकें हुईं लेकिन अभी भी फैसला नहीं हुआ

इसके बाद पर्यवेक्षकों ने पैनल बनाकर सारी रिपोर्ट दिल्ली नेतृत्व को भेज दी। बीते सप्ताह दिल्ली में कई दौर की बैठकें हुईं, जिनमें पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी बीके हरिप्रसाद ने केंद्रीय पर्यवेक्षकों के साथ वन-टू-वन बैठकें करके सभी नामों पर गंभीरता से चर्चा की। इस चर्चा के बाद दोनों नेताओं ने जिलाध्यक्षों की संभावित लिस्ट तैयार कर ली है। संभावना है कि लिस्ट जारी करने से पहले राहुल गांधी खुद केसी वेणुगोपाल और बीके हरिप्रसाद से फिर से एक बार बात करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, इस बार केवल जिलाध्यक्षों के नाम ही नहीं, बल्कि हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और कांग्रेस विधायक दल के नेता को लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व में गहराई से मंथन चल रहा है। कुल मिलाकर हरियाणा कांग्रेस संगठन के नए स्वरूप को अंतिम रूप देने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में बड़ी हलचल जारी है। आने वाले दिनों में राहुल गांधी के निर्णय के बाद जिलाध्यक्षों की लिस्ट सार्वजनिक की जाएगी, जिससे हरियाणा कांग्रेस की नई टीम सामने आएगी। पार्टी की कोशिश है कि इस बार संगठन में अनुभव और युवा शक्ति दोनों का संतुलन हो, ताकि हरियाणा में पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती मिल सके।