MP Ravi Kishan receives death threat: सांसद रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकीMP Ravi Kishan receives death threat: सांसद रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी

MP Ravi Kishan receives death threat: सांसद रवि किशन को मिली जान से मारने की धमकी

भोजपुरी फिल्म अभिनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रवि किशन से जुड़े लोगों को लगातार धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। निजी सचिव शिवम द्विवेदी को धमकी मिलने के बाद अब उनके घर पूजा-पाठ कराने वाले कथावाचक प्रवीण शास्त्री को लॉरेंस गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को बिहार का निवासी बताया और कहा कि वह सांसद रवि किशन को समझा दें, नहीं तो अंजाम बेहद बुरा होगा।

पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और कॉल करने वाले की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। इससे पहले सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी को धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस लुधियाना से गिरफ्तार कर चुकी है। अब नया मामला सामने आने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है और सांसद के पूरे स्टाफ की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है।

कथावाचक प्रवीण शास्त्री ने बताया कि यह धमकी उन्हें बुधवार रात करीब 11 बजे उस समय मिली, जब वह देवरिया में एक कथा कार्यक्रम से लौट रहे थे। उन्होंने कहा, “मैं जैसे ही गाड़ी में बैठा, तभी बिहार के नंबर से फोन आया। सामने वाले व्यक्ति ने अपशब्द कहे और कहा कि अपने सांसद को समझा दो, कोई प्रशासन तुम्हें नहीं बचा पाएगा। यह तो सिर्फ ट्रेलर है।”

शास्त्री ने बताया कि कुछ ही देर बाद उसी नंबर से फिर फोन आया और कॉल करने वाले ने कहा, “देख लेंगे तुम्हें।” उन्होंने बताया कि इसके बाद व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए। संदेश में सांसद रवि किशन, सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला और खुद प्रवीण शास्त्री की तस्वीरों पर लाल क्रॉस का निशान बनाकर भेजा गया था।

प्रवीण शास्त्री ने पुलिस को बताया कि कॉल करने वाले ने भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव का भी नाम लिया और कहा, “खेसारी लाल को ऐसा-वैसा बोल दिया, अब बच नहीं पाओगे। उनके साथ रहते हो, देखता हूं कौन बचाएगा।” धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया और यह भी कहा कि “अबकी बार मोदी-योगी सब चले जाएंगे।”

इस धमकी के बाद प्रवीण शास्त्री ने घटना की जानकारी तुरंत सांसद रवि किशन को दी। उन्होंने बताया, “मैंने रवि किशन जी को फोन किया और पूरी बात बताई। उन्होंने कहा कि आप तुरंत पुलिस को सूचना दें।” इसके बाद शास्त्री सीधे गोरखपुर के रामगढ़ताल थाने पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सऐप संदेश पुलिस को सौंप दिए।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह पता चला है कि धमकी देने वाला शख्स बिहार से कॉल कर रहा था। हालांकि, पुलिस को शक है कि कॉल इंटरनेट कॉलिंग के माध्यम से भी की जा सकती है, जिससे सही लोकेशन छिपाई जा सके। साइबर सेल को भी इस जांच में लगाया गया है ताकि तकनीकी रूप से आरोपी तक पहुंचा जा सके।

जानकारी के मुताबिक, कथावाचक प्रवीण शास्त्री लंबे समय से सांसद रवि किशन के परिवार के साथ जुड़े हुए हैं। वर्ष 2017 में वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर हुए शुद्धिकरण पूजन में बतौर मुख्य पुजारी शामिल हुए थे।

इसके अलावा वे गोरखपुर और आसपास के इलाकों में धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते हैं। रवि किशन के घर में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान उन्हीं के द्वारा संपन्न कराए जाते हैं।

धमकी भरा कॉल आने के बाद गोरखपुर पुलिस ने सांसद रवि किशन की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सांसद के आवास और दफ्तर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। वहीं, सांसद के अन्य सहयोगियों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पुलिस ने इस मामले को गंभीर अपराध की श्रेणी में लेते हुए भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह धमकी पिछले मामले से जुड़ी हुई तो नहीं है, जिसमें रवि किशन के निजी सचिव को जान से मारने की धमकी दी गई थी।