अमरनाथ यात्रा को लेकर आया बड़ा अपडेट, जानिए रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया

अमरनाथ यात्रा 2026 को लेकर आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अनुसार, इस वर्ष यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त 2026 तक चलेगी, जो रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी। कुल 57 दिनों तक चलने वाली इस पवित्र यात्रा में हर साल की तरह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

यात्रा शुरू होने से पहले 29 जून 2026 को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर पहली पूजा का आयोजन किया जाएगा, जिससे आध्यात्मिक माहौल की शुरुआत मानी जाती है।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार एडवांस रजिस्ट्रेशन जरूरी किया गया है, जो 15 अप्रैल से शुरू होगा। भक्त ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से पंजीकरण करा सकेंगे। ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए देशभर में जम्मू-कश्मीर बैंक, पीएनबी, एसबीआई और यस बैंक की सैकड़ों शाखाओं में सुविधा उपलब्ध रहेगी, जबकि ऑनलाइन आवेदन श्राइन बोर्ड की वेबसाइट और ऐप के जरिए किया जा सकेगा।

कठिन पहाड़ी रास्तों और ऊंचाई को देखते हुए यात्रा के लिए हेल्थ सर्टिफिकेट अनिवार्य किया गया है। बिना मेडिकल फिटनेस और वैध परमिट के किसी को भी यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यात्रा पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से संचालित होगी। प्रशासन ने सुरक्षा, मेडिकल सुविधाओं, लंगर और ठहरने की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं को सलाह दी गई है कि वे ठंड से बचाव के लिए जरूरी सामान और दवाइयां साथ लेकर चलें।

ये भी पढ़ें:

By admin