उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सोमवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जब गंगापार के फाफामऊ इलाके में स्थित एक कोल्ड स्टोरेज ढह गया। इसके मलबे में कई लोग दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल और राहत-बचाव टीमें पहुंच गई हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है और कोल्ड स्टोरेज तक जाने वाले मार्ग का डाइवर्जन कर दिया गया है ताकि बचाव कार्य में बाधा न आए।
अधिकारियों के मुताबिक अब तक सात लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया है। राहत और बचाव कार्यों में एसडीआरएफ, पुलिस और एम्बुलेंस सेवाएं सक्रिय रूप से जुटी हैं। सात बुलडोजरों की मदद से मलबे को हटाया जा रहा है ताकि दबे हुए अन्य लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जा सके।
