राजस्थान के दौसा में बड़ा सड़क हादसा

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से इंदौर जा रही एक निजी बस कोलवा थाना क्षेत्र के रेस्ट एरिया के पास ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद बस के पिछले हिस्से में आग भी लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

नींद में थे यात्री, अचानक मच गई चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे। तेज टक्कर के कारण बस में बैठे और ऊपरी बर्थ पर सो रहे कई यात्री नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

8 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया गया है।

हादसे के बाद बस में लगी आग

बताया जा रहा है कि बस खाई में गिरने के कुछ देर बाद उसके पिछले हिस्से में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि अधिकांश यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

अस्पताल पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेंद्र फौजदार, पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र कुमार, कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सहाय शर्मा, उपखंड अधिकारी संजू मीणा और तहसीलदार गजानन मीणा जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया और डॉक्टरों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

हादसे की जांच शुरू

जिला प्रशासन के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। प्रशासन ने 7 से 8 लोगों की मौत और 24 से 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि ट्रेलर से टक्कर के बाद बस का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

ये भी पढ़ें:

By admin