घरेलू LPG ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। जिन लोगों ने अभी तक अपना LPG e-KYC पूरा नहीं किया है, उन्हें एक हफ्ते का और समय मिल गया है। पहले इसकी आखिरी तारीख 16 अगस्त थी, जिसे अब बढ़ाकर 23 अगस्त कर दिया गया है।
हालांकि, e-KYC की तारीख बढ़ने के बावजूद ग्राहकों की परेशानी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। कई जगहों से सर्वर में दिक्कत और ऐप के सही तरीके से काम नहीं करने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसकी वजह से लोग समय पर अपना e-KYC पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
सर्वर की खराबी से बढ़ी परेशानी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, लाखों LPG ग्राहक आधार के जरिए अपना वेरिफिकेशन पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन कई बार सर्वर घंटों तक डाउन रहता है या ऐप ठीक से काम नहीं करता। ऐसे में सही दस्तावेज होने के बावजूद ग्राहक e-KYC पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
16 अगस्त की पुरानी डेडलाइन नजदीक आने पर LPG डीलरशिप के बाहर भीड़ बढ़ गई। कई जगहों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
नई डेडलाइन में भी तकनीकी दिक्कत
डीलरों का कहना है कि e-KYC की प्रक्रिया तेल कंपनियों के डिजिटल सिस्टम पर निर्भर है। अगर सर्वर डाउन हो जाए या ऐप धीमा हो जाए, तो डीलर काउंटर पर मौजूद कर्मचारी भी ग्राहकों का काम पूरा नहीं कर सकते। इसी परेशानी को देखते हुए ग्राहकों को अब 23 अगस्त तक का अतिरिक्त समय दिया गया है।
LPG e-KYC नहीं कराया तो क्या होगा?
Indane Gas, Bharat Gas और HP Gas के घरेलू ग्राहकों के लिए e-KYC जरूरी है। कंपनियों की ओर से पहले भेजे गए संदेशों में ग्राहकों को इसे समय पर पूरा करने की सलाह दी गई थी। e-KYC नहीं कराने का मतलब यह नहीं है कि आपका LPG कनेक्शन तुरंत रद्द हो जाएगा। लेकिन वेरिफिकेशन पूरा होने तक घरेलू कीमत पर सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है और कुछ मामलों में ग्राहक को कमर्शियल रेट चुकाना पड़ सकता है।
वहीं, जिन ग्राहकों ने पहले ही अपना e-KYC पूरा कर लिया है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं है। इसलिए अगर आपने अभी तक LPG e-KYC नहीं कराया है, तो 23 अगस्त की नई डेडलाइन से पहले इसे पूरा कर लेना बेहतर है।
