उत्तराखंड में कुदरत का कहर हर जिले में देखने को मिल रहा है। शनिवार शाम 7 बजे केदारनाथ हाईवे के जवारी बाईपास के पास भीषण भूस्खलन हो गया जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। वहीं, अधिकारी ने बताया कि, भारी बारिश के कारण पहाड़ी से हजारों टन मलबा सड़क पर आ गिरा, जो लगभग 15-20 फीट ऊंचा और 20-25 मीटर तक फैला है।
राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड, रुद्रप्रयाग के अधिशासी अभियंता ओमकार पांडे ने बताया कि इस मलबे ने सड़क को अवरुद्ध कर दिया है, और इसे हटाने में 4 से 5 दिन लग सकते हैं। मलबे के कारण सड़क को नुकसान पहुंचने की भी आशंका है, जिससे मरम्मत कार्य में और समय लग सकता है।
आपको बता दें कि, जवारी बाईपास ऋषिकेश-बद्रीनाथ और रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे को जोड़ता है और यह मार्ग चारधाम यात्रा के लिए काफी महत्तवपूर्ण है। वहीं, इस मार्ग के बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों की काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि, इस घटना में कोई दुर्घटना नहीं हुई जो एक राहत की बात है। मलबा इतना ज्यादा है कि हटाने के लिए NHAI और लोक निर्माण विभाग की टीमे जुट गई है लेकिन खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण काम में देरी हो रही है।
वहीं, जवारी बाईपास पर यातायात को रुद्रप्रयाग मुख्य बाजार की ओर डायवर्ट किया गया है, लेकिन भारी वाहनों पर पूरी तरह रोक है, जिससे चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी असुविधा हो रही है।
