काशी से PM मोदी का शक्ति प्रदर्शनकाशी से PM मोदी का शक्ति प्रदर्शन

काशी से PM मोदी का शक्ति प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल में वाराणसी से एक बार फिर मजबूत राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि, “मैंने बेटियों के सिंदूर का जो वचन दिया था, वो अब पूरा हो चुका है।” पीएम ने इस सफलता को महादेव के आशीर्वाद का फल बताया और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को शिव चरणों में समर्पित किया।

उन्होंने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि, अगर पाकिस्तान ने फिर कोई पाप किया, तो भारत की मिसाइलें आतंकियों को तबाह कर देंगी। मोदी ने कहा, “भारत पर वार करने वाला दुश्मन अब पाताल में भी नहीं बचेगा।”
पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए ‘आत्मनिर्भर भारत’ की सैन्य ताकत को पूरी दुनिया के सामने रखने का दावा किया।

उन्होंने कहा कि, इस ऑपरेशन में भारतीय ड्रोन, मिसाइलें और एयर डिफेंस सिस्टम इस्तेमाल किए गए, जिससे दुनिया ने भारत के स्वदेशी हथियारों की ताकत को देखा।

मोदी ने पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहा, “आज पाकिस्तान में इतना खौफ है कि ब्रह्मोस मिसाइल की आवाज भर से ही वहां के एयरबेस हिल जाते हैं। नींद नहीं आती उन्हें।”

अमेरिका का नाम लिए बिना पीएम ने टैरिफ नीति और आयात पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि, देश को उन चीजों को खरीदना चाहिए जिनके निर्माण में किसी भारतीय का पसीना बहा हो। उन्होंने देशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ का संकल्प लेने की अपील की और कहा कि नए सामान की खरीद में स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पीएम ने दुकानदारों से भी आग्रह किया कि वे विदेशी सामान की बिक्री बंद करें और स्वदेशी सामान को ही बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया अस्थिरता के दौर से गुजर रही है, भारत को आत्मनिर्भरता का उदाहरण बनना चाहिए।
काशी की धरती से मोदी ने ₹2,200 करोड़ के 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इसके साथ ही देशभर के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के ₹20,500 करोड़ भी जारी किए। इस जनसभा को प्रधानमंत्री ने 54 मिनट तक संबोधित किया, जो उनके तीसरे कार्यकाल की अब तक की सबसे तीखी राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी स्पीच मानी जा रही है।

वही जनसभा के दौरान मोदी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “क्या बेटियों के सिंदूर का बदला तमाशा है?” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा वोटबैंक की राजनीति के लिए सेना और सुरक्षा बलों के बलिदान का अपमान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब यूपी में सपा की सरकार थी तो आतंकियों को क्लीनचिट दी जाती थी और बम धमाकों में पकड़े गए आरोपियों पर से केस वापस लिए जाते थे।

मोदी ने कहा, “यह नया भारत है जो भोलेनाथ को पूजता है लेकिन दुश्मनों के सामने काल भैरव बन जाता है।” उन्होंने संसद में दिए गए विपक्ष के बयान का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ नेता पूछ रहे थे कि “पहलगाम के आतंकियों को क्यों मारा गया?” पीएम ने व्यंग्य करते हुए कहा, “क्या मुझे फोन करके उनसे पूछना चाहिए?”

 

मोदी ने कहा कि पाकिस्तान के एयरबेस आज भी ICU में हैं, लेकिन इस दुख को कांग्रेस और सपा बर्दाश्त नहीं कर पा रही। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि ये लोग आतंकियों की मौत पर चिंता जताते हैं और भारतीय सेना के साहस का अपमान करते हैं।

इस अवसर पर पीएम ने अपने आर्थिक कार्यक्रम की उपलब्धियों का भी ज़िक्र किया और कहा कि देश में तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से डेढ़ करोड़ से अधिक महिलाएं पहले ही बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनकर सपा वाले साइकिल लेकर भाग जाएंगे।

इतना ही नहीं मोदी ने चेतावनी देते हुए ये भी कहा कि यदि पाकिस्तान ने दोबारा कोई हरकत की, तो यूपी में बनी मिसाइलें आतंकियों को तबाह कर देंगी। उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में यूपी में अपराधी बेखौफ थे, लेकिन अब बीजेपी की सरकार में अपराधियों में डर है और निवेशकों का भरोसा लौट आया है।

वही आपको बता दें कि मोदी की जनसभा में काले कपड़े पहनकर आए लोगों को अंदर जाने से रोक दिया गया। सपा नेता अजय फौजी ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि उन्हें पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार कर लिया और चौकी में बैठाया गया। वहीं, बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र यादव मलिक को भी रामनगर पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से बचना चाहता था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *