Jagdeep Dhankhar Health Update: राजस्थान के नाथद्वारा में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह अपनी पत्नी के साथ प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन के बाद उन्हें घबराहट और असहजता महसूस हुई। मौके पर मौजूद मेडिकल टीम ने उन्हें ऑक्सीजन दी और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। राहत की बात यह है कि चिकित्सकीय जांच में उनकी स्थिति सामान्य पाई गई।
पत्नी के साथ मंगला आरती में हुए शामिल
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ गुरुवार, 26 नवंबर को सुबह अपनी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ के साथ राजसमंद जिले के नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे थे। यहां उन्होंने मंगला आरती के दर्शन किए और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
दर्शन के बाद मंदिर मंडल की ओर से परंपरा के अनुसार धनखड़ और उनकी पत्नी का स्वागत किया गया। उन्हें उपरना ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और प्रसाद भेंट किया गया।
मोती महल चौक में महसूस हुई घबराहट
राजसमंद जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के अनुसार, मंदिर के मोती महल चौक में पहुंचने पर धनखड़ अचानक असहज महसूस करने लगे। इसके बाद उन्हें कुर्सी पर बैठाया गया। उनके प्रोटोकॉल में तैनात डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई।
मेडिकल टीम ने मौके पर ही उन्हें ऑक्सीजन दी और एंबुलेंस के माध्यम से नाथद्वारा के गोवर्धन राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया।
ईसीजी समेत कई जांचों की रिपोर्ट सामान्य
अस्पताल में डॉक्टरों ने पूर्व उपराष्ट्रपति की ईसीजी समेत अन्य जरूरी स्वास्थ्य जांच की। जांच में उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। स्वास्थ्य में सुधार के बाद धनखड़ अपनी पत्नी के साथ उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।
प्रशासनिक अधिकारी रहे अलर्ट
पूर्व उपराष्ट्रपति की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया। जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
जगदीप धनखड़ की श्रीनाथजी के प्रति गहरी आस्था है। राज्यपाल और उपराष्ट्रपति के पद पर रहते हुए भी वह कई बार नाथद्वारा आकर दर्शन कर चुके हैं।
11 नवंबर को भी बिगड़ी थी तबीयत
इससे पहले 11 नवंबर 2026 को भी जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। सुबह टहलने के दौरान वह बेहोश हो गए थे, जिसके बाद उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद 14 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
फिलहाल नाथद्वारा में हुई चिकित्सकीय जांच के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य है। हालांकि, अचानक तबीयत बिगड़ने के सटीक कारण का खुलासा नहीं हुआ है।
रायपुर: नेतृत्व की सार्थकता इस बात में निहित है कि सामान्य जन की पीड़ा को…
रायपुर: उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा आज संविधान दिवस के अवसर पर…
हरिपुर-कोटी-मीनस मोटर मार्ग पर धमोग मंदिर के पास गुरुवार को एक बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी…
उत्तरकाशी के गाजना क्षेत्र में स्थित प्राचीन नालेश्वर महादेव मंदिर को धार्मिक पर्यटन स्थल के…
संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग को…
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने सरकार के पांच साल के कार्यकाल…