नए साल पर Delhi-NCR की गाइडलाइंस जानना जरूरीनए साल पर Delhi-NCR की गाइडलाइंस जानना जरूरी

नए साल पर Delhi-NCR की गाइडलाइंस जानना जरूरी

 

नया साल हर किसी के लिए खुशियां, जश्न और नए सपनों की शुरुआत लेकर आता है। 31 दिसंबर की रात को लोग दोस्तों और परिवार के साथ पार्टी, डिनर और सेलिब्रेशन का प्लान बनाते हैं। लेकिन इस बार अगर आप दिल्ली-एनसीआर में नए साल का जश्न मनाने की सोच रहे हैं, तो जरा सतर्क हो जाइए। पुलिस प्रशासन ने New Year 2026 को लेकर सख्त गाइडलाइंस जारी कर दी हैं।

इन नियमों का मकसद साफ है कि, दुर्घटनाओं को रोकना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और ये सुनिश्चित करना कि, जश्न किसी के लिए परेशानी न बने। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और छोटी-सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है

गाजियाबाद पुलिस ने नए साल के मौके पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 30 दिसंबर से 5 जनवरी तक पूरे जिले में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा (निषेध आज्ञा)लागू रहेगी। इस दौरान मॉल, होटल, क्लब और सार्वजनिक स्थानों पर होने वाली पार्टियां रात 1 बजे तक ही आयोजित की जा सकेंगी।

पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि, स्टंटबाजी, शराब पीकर हंगामा या सड़क पर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सीधी जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा

इसके अलावा, डीजे और लाउडस्पीकर की आवाज को सीमित रखने के निर्देश दिए गए हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड को भी विशेष रूप से तैनात किया गया है।
नोएडा पुलिस ने नए साल के जश्न को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है।

चिल्ला बॉर्डर, दिल्ली-नोएडा बॉर्डर और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। करीब 2 हजार पुलिसकर्मी अलग-अलग प्वाइंट्स पर तैनात रहेंगे।

संवेदनशील इलाकों में BDS और ASL टीमों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए टैक्सी सेवाओं के लिए अलग पार्किंग जोन बनाए गए हैं।

पुलिस ने साफ किया है कि, मुख्य सड़कों पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों और माहौल खराब करने वालों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने नए साल को लेकर खास एडवाइजरी जारी की है। सेक्टर-29 और आसपास के पार्टी हॉटस्पॉट्स में ट्रैफिक और पार्किंग को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि, वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएं। सड़क पर गलत पार्किंग करने पर तुरंत चालान और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में विशेष टीमें तैनात की गई हैं। नशे की हालत में वाहन चलाने पर भारी जुर्माने के साथ-साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।

दिल्ली पुलिस भी नए साल को लेकर पूरी तरह तैयार है। वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। प्रमुख चौराहों, पार्टी स्पॉट्स और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

ड्रिंक एंड ड्राइव करने वालों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइज़र और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, वे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि, नए साल का जश्न जरूर मनाएं, लेकिन कानून के दायरे में रहकर। आपकी एक छोटी सी लापरवाही किसी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।