महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचते हुए अपनी खूबसूरत आंखों और मुस्कान की वजह से रातोंरात सोशल मीडिया पर वायरल हुईं मोनालिसा (Monalisa) ने अब अपने बॉयफ्रेंड फरहान खान (Farmaan Khan) से शादी कर ली है। इस शादी ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा पैदा कर दी है।
बुधवार को दोनों ने केरल में जाकर पहले सिविल मैरिज की और इसके बाद तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया। शादी के दौरान पुलिस सुरक्षा भी मौजूद थी। फरमान खान ने मंदिर में मोनालिसा की मांग में सिंदूर भरकर उन्हें अपनी पत्नी बनाया।
बताया जा रहा है कि फरमान मुस्लिम हैं और इसी वजह से मोनालिसा के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। खासकर उनके पिता इस शादी के खिलाफ थे। इसी कारण दोनों ने परिवार से दूर केरल जाकर शादी करने का फैसला लिया।
शादी के बाद मोनालिसा और फरमान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। तस्वीरों में मोनालिसा लाल साड़ी पहने, मांग में सिंदूर और गले में वरमाला डाले नजर आ रही हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया पर यह अफवाह भी फैल गई कि मोनालिसा नाबालिग हैं और उनकी उम्र 18 साल से कम है। इन खबरों पर फरमान खान ने साफ कहा कि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने मीडिया के सामने मैरिज सर्टिफिकेट दिखाते हुए बताया कि मोनालिसा 18 साल से ज्यादा की हैं और पूरी तरह बालिग हैं। उनके आधार कार्ड और मैरिज सर्टिफिकेट में भी उनकी जन्मतिथि दर्ज है।
मीडिया से बातचीत में मोनालिसा ने कहा कि शादी के बाद वह बहुत खुश हैं। उन्होंने बताया कि केरल उन्हें काफी पसंद आया और यहां के लोग भी बहुत अच्छे हैं।
फरमान खान ने बताया कि दोनों की मुलाकात एक फिल्म में साथ काम करने के दौरान हुई थी। वहीं से उनकी बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। फरमान के मुताबिक, उनका रिश्ता करीब 6 महीने पुराना है, लेकिन यह रिश्ता उन्हें बहुत गहरा लगता है। उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में उन्होंने मोनालिसा के प्रपोजल को मना कर दिया था, लेकिन बाद में दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और शादी का फैसला कर लिया।
फिलहाल दोनों केरल में रह रहे हैं। फरमान का कहना है कि अगर मोनालिसा को केरल में रहना पसंद आएगा तो वे यहीं पर सैटल भी हो सकते हैं। उनकी इस इंटरफेथ शादी ने सोशल मीडिया और लोगों के बीच काफी चर्चा पैदा कर दी है।
