ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को लेकर ट्रंप और इजरायल के दावे के बाद अब ईरान की सेना(IRGC), सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA और मुख्य समाचार चैनल ‘प्रेस टीवी’ (Press TV) ने आधिकारिक तौर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की पुष्टि कर दी है।
बता दें कि, जब अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमलें किए गए उस समय खामेनेई अपने दफ्तर में मौजूद थे। ईरानी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ ने पुष्टि की है कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हवाई हमलों में मारे गए हैं। उनके साथ उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए हैं।
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अपने बयान में इमाम खामेनेई की शहादत पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। संगठन ने उनकी मौत को “सम्मानित शहादत” बताते हुए कहा कि उनका रास्ता जारी रहेगा। वहीं, बयान में अमेरिका और “ज़ायोनी शासन” को जिम्मेदार ठहराते हुए कड़ी कार्रवाई और बदले की चेतावनी दी गई है। साथ ही, जनता से राष्ट्रीय एकता और मजबूती दिखाने की अपील की गई है।
बता दें कि, इससे पहले प्रेस टीवी ने लिखा, ‘इस्लामिक क्रांति के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए संयुक्त हवाई हमलों में मारे गए हैं।’ खामेनेई की मौत के बाद ईरान में एक हफ्ते के सार्वजनिक अवकाश और 40 दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है।
रिपोर्टों के मुताबिक, हमलों के दौरान उनके परिवार के कई सदस्य भी जान गंवा चुके हैं। बताया जा रहा है कि उनकी एक बेटी, एक पोता और पोती, दामाद की भी मौत हो गई है और कुछ दावों में यह भी कहा गया है कि हालिया बमबारी में बहू समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मारे गए है।
