AAP के एक्शन पर राघव चड्ढा का जवाब

आम आदमी पार्टी (AAP) में हाल ही में हुए फेरबदल के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर के पद से हटा दिया है, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक इमोशनल वीडियो शेयर किया। अपने संदेश में राघव चड्ढा ने कहा, “मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना। मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं।” उन्होंने इशारों में यह भी कहा कि उन्हें संसद में बोलने से रोका जा रहा है।

वीडियो में उन्होंने कहा कि जब भी उन्हें संसद में बोलने का मौका मिलता है, वह आम लोगों के मुद्दे उठाते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या जनता की आवाज उठाना कोई अपराध है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की ओर से संसद को कहा गया है कि उन्हें बोलने का मौका न दिया जाए।

राघव चड्ढा ने बताया कि उन्होंने संसद में कई अहम मुद्दे उठाए हैं, जैसे महंगाई, एयरपोर्ट पर महंगा खाना, डिलीवरी बॉयज की परेशानियां, खाने में मिलावट, टोल प्लाजा और बैंक चार्ज की बढ़ती लागत, मिडिल क्लास पर टैक्स का बोझ और टेलीकॉम कंपनियों की मनमानी।

उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को उठाने से आम लोगों को फायदा हुआ है, लेकिन समझ नहीं आता कि इससे पार्टी को क्या नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि उनकी आवाज को दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है। अंत में राघव चड्ढा ने जनता से अपील करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा लोगों का प्यार और समर्थन मिला है और आगे भी उनका साथ बनाए रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह हमेशा जनता के लिए आवाज उठाते रहेंगे।

वीडियो के आखिर में उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है। जय हिंद।”

ये भी पढ़ें:

By admin