हरियाणा के DGP ओपी सिंह ने अधिकारियों को लिखी चिट्‌ठीहरियाणा के DGP ओपी सिंह ने अधिकारियों को लिखी चिट्‌ठी

हरियाणा के DGP ओपी सिंह ने अधिकारियों को लिखी चिट्‌ठी

 

हरियाणा में बढ़ते गैंग और हथियार संस्कृति पर एक बार फिर पुलिस प्रमुख ने कड़ी चेतावनी जारी की है। DGP ओपी सिंह ने रविवार को पुलिस चौकियों से लेकर ADGP स्तर तक सभी अधिकारियों को एक विस्तृत चिट्‌ठी भेजी है

इस पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि, ऑपरेशन ट्रैकडाउन की सफलता के बाद अब लक्ष्य सिर्फ अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे गैंग इको-सिस्टम को जड़ से खत्म करना है।

इस चिट्ठी में DGP ने उन गायकों और कलाकारों पर भी सख्त टिप्पणी की है जो अपने म्यूजिक वीडियो और गानों में गैंगस्टर जीवन-शैली, हथियारबाजी, बदमाशी और स्टेटस सिंबल को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने आदेश दिया कि, ऐसे गवैयों को “अपराधी की तरह देखा जाए” और कानून के मुताबिक उन पर सख्त कार्रवाई की जाए

WhatsApp Image 2025 11 23 at 3.21.50 PM 1

DGP ओपी सिंह ने अपने पत्र में साफ लिखा कि, हरियाणा में कुछ गायक पैसे, पॉपुलैरिटी और बाहुबल दिखाने के लिए युवाओं के बीच खतरनाक गैंग जीवन-शैली को ‘कूल ट्रेंड’ की तरह प्रमोट कर रहे हैं।

उनके गाने युवाओं के दिमाग पर मिनटों में असर डालते हैं और परिवार तथा समाज की सीख को बेअसर कर देते हैं। DGP ने कहा कि, ऐसे गायक समाज में अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करते हैं और युवाओं को हथियार, बदला, दादागिरी और हिंसा की तरफ धकेलते हैं।

इसलिए इन्हें अपराधियों की तरह ही देखा जाए और हर कानूनी प्रावधान का इस्तेमाल करते हुए कार्रवाई की जाए।

वहीं, DGP ने अपने पत्र में अधिकारियों को लिखा कि, अपराधियों को पकड़ना ही काफी नहीं है। जो लोग गैंगस्टरों को पैसा देते हैं, हथियार उपलब्ध कराते हैं, गाड़ियां मुहैया कराते हैं, छुपने का ठिकाना देते हैं, सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में माहौल बनाते हैं, उन सभी पर लगातार कार्रवाई होनी चाहिए।

साथ ही DGP ओपी सिंह ने कहा कि, “जीत हमारी नियति है” ये लड़ाई लंबी है लेकिन गैंगस्टर और कट्‌टाबाज मुट्ठीभर ही हैं। हरियाणा पुलिस बड़ी है, मजबूत है और पूरी कानूनी ताकत उसके पास है।

DGP ओपी सिंह ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि, पुलिस ने हाल ही में 250 से ज्यादा कट्टा, रिवॉल्वर और पिस्तौल, 300 से अधिक कारतूस बरामद किए हैं। कई अपराधियों को जेल भेजा गया है, जिससे “उनके नाखून-दांत तक टूट चुके हैं।”

उन्होंने कहा कि, इनमें से 125 से अधिक अपराधियों ने हथियार इसलिए खरीदे थे ताकि जो भी दुश्मनी हो, उसे तुरंत निपटाया जा सके। यही मानसिकता खत्म करनी है।

पत्र के अंत में DGP ने पुलिसबल को प्रेरित करते हुए गुरु गोबिंद सिंह जी की वाणी का उल्लेख किया जिसमें “चिड़िया नाल मैं बाज लड़ावां… सवा लाख से एक लड़ावां…” उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से आग्रह किया कि, उसी साहस और आत्मविश्वास के साथ मिशन को आगे बढ़ाएं।

गैंग और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों पर राज्य सरकार पहले ही सख्त है। अब तक 9 कलाकारों के 30 से अधिक गाने बैन हो चुके हैं।

जिनमें मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, गजेंद्र फौगाट, सुमित पारता, हर्ष सिंधु, राज मावर, मनीषा शर्मा, अंकित बालियान, कुलबीर दनौदा उर्फ केडी शामिल है। जिसमें ज्यादा गाने मासूम शर्मा के बैन हुए हैं।

जिससे पहले DGP ओपी सिंह गुरुग्राम में अपने बयान को लेकर सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने कहा था कि,“हर बदमाश थार और बुलेट से चलता है।”, “थार सिर्फ गाड़ी नहीं, एक स्टेटमेंट है—कि हम ऐसे हैं।”,

“अगर किसी के पास थार है तो दिमाग घुमा हुआ होगा उसका।” उन्होंने यहां तक कहा कि, कई मामलों में स्टंट और लापरवाह ड्राइविंग के पीछे थार या बुलेट ही निकली है। एक उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि, एक ACP के बेटे ने थार चढ़ा दी और बाद में खुद ही माफी मांगने लगा। उनके अनुसार, दादागिरी और सुरक्षा—दोनों साथ नहीं चल सकते।