सोना और चांदी की कीमतों में बीते कुछ दिनों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। खासकर मंगलवार की रात MCX पर दोनों कीमती धातुओं के दाम अचानक ढह गए। चांदी लगभग 5 फीसदी सस्ती हुई, जबकि सोने का भाव करीब 2.5 फीसदी गिर गया। इस गिरावट ने निवेशकों और आम लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी, लेकिन बुधवार को जैसे ही मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कारोबार शुरू हुआ, दोनों धातुओं के दाम रिकवरी मोड में नजर आए।
चांदी की बात करें तो मंगलवार को 5 मार्च की एक्सपायरी वाली 1 किलो चांदी की कीमत 2,26,513 रुपये पर आ गई थी। यह कीमत 29 जनवरी के अपने लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये से करीब 1,93,535 रुपये कम थी। हालांकि, ट्रेड बंद होने पर चांदी 2,28,783 रुपये पर बंद हुई। बुधवार को जैसे ही बाजार खुला, चांदी के दाम बढ़ने लगे और खबर लिखे जाने तक 1 किलो चांदी 2 फीसदी या करीब 5,000 रुपये की तेजी के साथ 2,34,000 रुपये पर कारोबार कर रही थी।
सोने की कीमतों में भी यही रुख देखने को मिला। रात में सोना लगभग 2.5 फीसदी गिर गया था, लेकिन बुधवार को ओपन होते ही इसकी कीमत करीब 1.15 फीसदी बढ़कर 1,53,165 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। बीती रात 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का वायदा कारोबार 1,51,418 रुपये पर बंद हुआ था।
कुल मिलाकर, सोना और चांदी दोनों ही रात में बड़ी गिरावट के बाद बुधवार को धीरे-धीरे अपने दाम वापस पा रही हैं। निवेशकों के लिए यह समय थोड़ा राहत देने वाला है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बने रह सकते हैं।
