राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते उसने 50 से ज्यादा झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर दमकल की कई गाड़ियों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताए कि, घटना के बाद एक लड़की के लापता होने की भी खबर सामने आई है जिसकी तलाश की जा रही है।
बता दें कि, दिल्ली फायर सर्विसेज को सुबह करीब 4:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। जिसकी सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। अधिकारियों ने बताया कि, आग झुग्गियों वाले घने इलाके में लगी थी, जिसकी वजह से लपटें तेजी से फैलीं। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 16 गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। दमकलकर्मियों ने स्थानीय पुलिस और लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
वहीं, इस घटना में फिलहाल किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है, हालांकि आग की वजह से झुग्गियों में रहने वाले कई परिवारों का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, घटना के बाद एक लड़की के लापता होने की खबर है। दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मलबे के बीच उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।
बताए कि, अधिकारियों ने कहा कि, अभी तक आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. प्राथमिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग कैसे लगी।फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है ।
