सोना-चांदी

सोना और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं के दाम में तेज गिरावट दर्ज की गई। सबसे ज्यादा असर चांदी पर देखने को मिला, जिसका भाव एक ही दिन में 4400 रुपये प्रति किलो से ज्यादा टूट गया।

चांदी में बड़ी गिरावट

सरकार द्वारा इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के ऐलान के बाद चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया था। 13 मई को एमसीएक्स पर चांदी का भाव 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद बाजार में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। बीते 13 दिनों में चांदी का भाव 3,00,238 रुपये प्रति किलो से गिरकर 2,72,265 रुपये प्रति किलो तक आ गया है। यानी चांदी करीब 27,973 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है।

एक दिन में 4451 रुपये टूटी चांदी

सोमवार को जुलाई एक्सपायरी वाली वायदा चांदी 2,76,716 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। लेकिन मंगलवार को बाजार खुलते ही इसमें 4,451 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।
अगर जनवरी के रिकॉर्ड हाई लेवल से तुलना करें, तो चांदी अब तक 1,85,063 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है। जनवरी में चांदी ने 4,57,328 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था।

सोना भी हुआ सस्ता

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर 5 जून एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना मंगलवार को गिरकर 1,58,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोने का पिछला बंद भाव 1,59,081 रुपये प्रति 10 ग्राम था। यानी कारोबार शुरू होते ही इसमें करीब 1000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

हाई लेवल से कितना टूटा सोना?

सोना अपने रिकॉर्ड हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम से अब तक 44,884 रुपये सस्ता हो चुका है। 13 मई को इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद सोने का भाव 1,62,186 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया था, लेकिन अब इसमें भी 4,086 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आ चुकी है।

मई महीने में अब तक कैसा रहा बाजार?

हालांकि हालिया गिरावट के बावजूद मई महीने में सोना-चांदी कुल मिलाकर महंगे ही हुए हैं। 30 अप्रैल को चांदी का भाव 2,44,456 रुपये प्रति किलो था, जो अब भी करीब 27 हजार रुपये ज्यादा है। वहीं सोना 1,51,111 रुपये प्रति 10 ग्राम से बढ़कर अभी भी 7 हजार रुपये से ज्यादा महंगा बना हुआ है।

ये भी पढ़ें:

By admin