टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब उन्हें रोजाना या बार-बार टोल देने की परेशानी से काफी हद तक छुटकारा मिल सकता है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने डिजिटल लोकल पास की सुविधा का विस्तार कर दिया है। अब देश के 121 टोल प्लाजा पर रहने वाले पात्र लोग घर बैठे मासिक लोकल पास के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इस पास की सबसे बड़ी खासियत यह है कि पास वैलिड रहने तक संबंधित टोल प्लाजा से महीने में कितनी भी बार आना-जाना किया जा सकता है। इसके लिए पात्र लोगों को सिर्फ 340 रुपये का भुगतान करना होगा।
कौन ले सकता है डिजिटल लोकल पास?
NHAI के नियमों के अनुसार, टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग इस सुविधा के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, यह पास केवल निजी यानी नॉन-कमर्शियल वाहनों के लिए है। पहले लोकल पास बनवाने के लिए लोगों को टोल प्लाजा जाकर एड्रेस प्रूफ और वाहन के कागजात जमा करने पड़ते थे। अब यह काम Rajmargyatra ऐप के जरिए ऑनलाइन किया जा सकता है।
इस पूरी प्रक्रिया को DigiLocker और VAHAN सिस्टम से जोड़ा गया है। सिस्टम आपके पते, वाहन और FASTag की जानकारी के आधार पर यह जांच करता है कि आप टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं या नहीं। पात्र पाए जाने पर डिजिटल लोकल पास जारी कर दिया जाता है।
लोकल पास लेना क्यों जरूरी है?
अब कई जगहों पर मल्टी-लेन फ्री फ्लो यानी MLFF सिस्टम लागू किया जा रहा है। इसमें टोल प्लाजा पर बैरियर या कर्मचारी नहीं होते। FASTag और कैमरों की मदद से वाहन की पहचान होती है और टोल अपने आप कट जाता है।
पहले स्थानीय लोग कई बार टोल कर्मचारियों की पहचान या आपसी समझ के आधार पर बिना अलग पास के निकल जाते थे। लेकिन नए सिस्टम में ऐसी सुविधा नहीं है। अगर कोई स्थानीय वाहन बिना वैलिड पास के टोल से गुजरता है और भुगतान नहीं करता, तो उसके मालिक को ई-नोटिस भेजा जा सकता है। ऐसे मामलों में सामान्य टोल की तुलना में दोगुनी रकम तक भुगतान करना पड़ सकता है। इसलिए अगर आपका घर किसी टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है, तो लोकल पास बनवाना फायदेमंद रहेगा।
किन राज्यों में शुरू हुई सुविधा?
NHAI ने अब कुल 121 टोल प्लाजा को डिजिटल लोकल पास की सुविधा में शामिल किया है। इनमें हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान, असम, महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक समेत कई राज्यों के टोल प्लाजा शामिल हैं। किस टोल प्लाजा पर यह सुविधा उपलब्ध है, इसकी जानकारी Rajmargyatra की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर देखी जा सकती है। NHAI ने इस सुविधा की शुरुआत जुलाई 2026 में दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से की थी।
ऐसे बनाएं डिजिटल लोकल पास
सबसे पहले अपने मोबाइल में Rajmargyatra ऐप डाउनलोड करें।
इसके बाद Monthly Local Pass सेक्शन में जाकर Activate विकल्प चुनें। फिर Get Started पर क्लिक करें।
आपसे कुछ सवाल पूछे जाएंगे। इसमें यह जानकारी देनी होगी कि आपके घर के 20 किलोमीटर के दायरे में टोल प्लाजा है या नहीं, आप वाहन के मालिक हैं या नहीं और आपका वाहन निजी है या नहीं।
इसके बाद सर्च बॉक्स में अपने स्थानीय टोल प्लाजा का नाम डालें। रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP वेरिफिकेशन के बाद पेमेंट गेटवे से 340 रुपये का भुगतान करें।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र होने पर आपका डिजिटल लोकल पास एक्टिव हो जाएगा।
ध्यान रखें
अगर आपका घर संबंधित टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में नहीं आता है, तो डिजिटल लोकल पास की सुविधा आपके लिए उपलब्ध नहीं होगी। ऐसी स्थिति में मासिक पास के लिए आपको संबंधित टोल प्लाजा पर जाकर प्रक्रिया पूरी करनी पड़ सकती है। कुल मिलाकर, डिजिटल लोकल पास की सुविधा उन लोगों के लिए बड़ी राहत है, जिन्हें रोजाना अपने स्थानीय टोल प्लाजा से होकर गुजरना पड़ता है।
