हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर जमकर जुबानी हमला बोला और उनके बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। पिपली की अनाज मंडी में आयोजित एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें किसी तांत्रिक से इलाज कराना चाहिए, ताकि उनका दिमाग ठीक तरीके से काम करे और वे देश की सच्चाई को समझ सकें।यह कार्यक्रम प्रजापति समाज के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री ने पात्र परिवारों को मिट्टी के बर्तन बनाने और आव (भट्टी) लगाने के लिए आरक्षित पंचायत या शामलात भूमि के मालिकाना हक के प्रमाण-पत्र सौंपे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है और यह पहल कुम्हार समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
कांग्रेस अपना मानसिक संतुलन खो चुकी है: सैनी
पत्रकारों से बातचीत में नायब सैनी ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह अपना मानसिक संतुलन खो चुकी है। पार्टी के पास जनता के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह बेबुनियाद बयानबाज़ी और भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा — “अगर राहुल गांधी का तांत्रिक से इलाज नहीं हुआ, तो उनकी झूठ बोलने की आदत का कोई इलाज नहीं है। देश के लोग अब उनके हर बयान की सच्चाई समझ चुके हैं।”EVM पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए सीएम ने कहा — “अगर वाकई EVM में गड़बड़ी होती, तो भूपेंद्र हुड्डा साहब आप भी चुनाव नहीं जीत पाते। यह साफ है कि मशीनों में कोई खराबी नहीं है, बल्कि आपकी हार जनता के फैसले का नतीजा है।” उन्होंने आगे कहा कि भूपेंद्र हुड्डा भी अब राहुल गांधी के सुर में सुर मिला रहे हैं और बिना सबूत के EVM पर सवाल उठाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
‘राहुल गांधी की रणनीति सिर्फ जनता के बीच भ्रम फैलाना’
नायब सैनी ने INDI गठबंधन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ समय पहले तक राहुल गांधी और उनके साथी पूरे देश में घूम-घूमकर यह कह रहे थे कि संविधान खतरे में है। लेकिन अब नया मुद्दा उठाकर कहने लगे हैं कि वोट चोरी हो गए। उन्होंने कहा कि यह रणनीति सिर्फ जनता के बीच भ्रम फैलाने के लिए है, लेकिन हरियाणा की जनता सच्चाई को जानती है और ऐसे झूठे दावों में नहीं फंसने वाली। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उनकी सरकार हर वर्ग के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और विपक्ष जितनी भी नकारात्मक राजनीति कर ले, जनता को विकास कार्यों का फर्क साफ नज़र आता है। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा में ईमानदारी और विकास ही आगे बढ़ने का रास्ता है, न कि झूठ और अफवाहें।
