दिल्ली: द्वारका हादसे में इकलौते बेटे को खोने वाली मां ने मांगा इंसाफ

राष्टीय राजधानी दिल्ली में 3 फरवरी 2026 को एक दर्दनाक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह घटना दिल्ली के द्वारका इलाके की है, जहां तेज रफ्तार कार चला रहे 17 साल के नाबालिग की वजह से 23 साल के युवक साहिल धनेश्रा की जान चली गई। बताया जा रहा है कि नाबालिग सिर्फ फन रील और स्टंट के लिए घर से निकला था।

बता दें कि, करीब दोपहर 11:57 बजे पुलिस को PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि द्वारका में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां एक स्कॉर्पियो कार, एक डिजायर कार और एक बाइक बुरी हालत में पड़ी थीं। बाइक सवार साहिल धनेश्रा सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा था, जिसे जांच के बाद मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में टैक्सी चालक अजीत सिंह भी घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए IGI अस्पताल में भर्ती कराया गया। समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक घायल टैक्सी चालक का बयान दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।

वहीं, पुलिस जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो चला रहा लड़का नाबालिग था और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। स्कॉर्पियो ने पहले साहिल की बाइक को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी डिजायर कार से जा टकराई। नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया और उसे ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया। हालांकि बाद में बोर्ड परीक्षा का हवाला देकर उसे अंतरिम जमानत दे दी गई।

बता दें कि, इस हादसे के बाद साहिल की मां इन्ना माकन का दर्द हर किसी को झकझोर देता है। उन्होंने बताया कि साहिल उनका इकलौता बेटा था, जिसे उन्होंने 23 साल तक अकेले मां बनकर पाला। उनका कहना है कि एक अमीर परिवार का नाबालिग, जिसे न तो गाड़ी चलानी आती थी और न ही लाइसेंस था, सिर्फ रील और स्टंट के लिए निकला और उनके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मां अब सोशल मीडिया के जरिए इंसाफ की गुहार लगा रही हैं।

ये भी पढ़ें:

By admin