हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने बताया है कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला अगले महीने हरियाणा आ रहे हैं। वे 3 और 4 जुलाई को मानेसर में होने वाले ‘एक देश, एक विधायिका’ सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। इस खास आयोजन में देशभर से 500 से ज्यादा प्रतिनिधि (डेलीगेट्स) शामिल होंगे। सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं और अब तक इसके लिए 12 बैठकों का आयोजन हो चुका है।
“एक देश, एक विधायिका” विजन को मिलेगा बढ़ावा
स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक देश, एक विधायिका” के विजन को आगे बढ़ाने के लिए हो रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य देश की छोटी विधायी संस्थाओं को जागरूक करना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में और अधिक सक्रिय बनाना है।
लोकसभा की अगुवाई में हो रहा सम्मेलन
इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन लोकसभा सचिवालय द्वारा किया जा रहा है। इसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी भाग लेंगे। सम्मेलन में शहरी शासन से जुड़े जनप्रतिनिधि, नीति निर्माता, शहरी विकास विशेषज्ञ, और प्रशासक भाग लेंगे।
शहरी शासन में होगा सुधार
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि यह सम्मेलन शहरी शासन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा। इससे शहरों की समस्याओं के व्यावहारिक समाधान निकल सकेंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग, गुरुग्राम जिला प्रशासन, और हरियाणा विधानसभा सचिवालय मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
हर रोज हो रही है मॉनिटरिंग
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण स्वयं प्रतिदिन तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। हाल ही में विधानसभा सचिवालय में उन्होंने एक बड़ी बैठक कर सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उनका कहना है कि यह सम्मेलन लोकतंत्र को और मजबूत और एकरूप बनाने की दिशा में एक अहम पहल है।
