चंडीगढ़ में BJP महिला मोर्चा ने किया जोरदार प्रदर्शनचंडीगढ़ में BJP महिला मोर्चा ने किया जोरदार प्रदर्शन

चंडीगढ़ में BJP महिला मोर्चा ने किया जोरदार प्रदर्शन

 

पंजाब की महिलाओं को हर महीने 1100 रुपये देने के चुनावी वादे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी मुद्दे पर चंडीगढ़ में BJP महिला मोर्चा जोरदार प्रदर्शन कर रही है।

प्रदर्शनकारी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के चंडीगढ़ स्थित कैंप ऑफिस का घेराव करने की तैयारी में हैं। प्रदेश भर से महिलाएं इस रैली में शामिल होने पहुंची हैं और सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रही हैं

प्रदर्शन को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा चक्र मजबूत कर दिया है। सेक्टर-37 स्थित बीजेपी दफ्तर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है। इसके साथ ही संभावित गिरफ्तारी को देखते हुए कई बसें तैनात की गई हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में प्रदर्शनकारियों को तुरंत हिरासत में लिया जा सके।

पुलिस ने वॉटर कैनन भी मौके पर खड़ा कर दिया है, ताकि भीड़ के उग्र होने पर हालात काबू में रखे जा सकें

WhatsApp Image 2025 11 22 at 1.46.57 PM

इस पूरे विरोध प्रदर्शन की अगुआई BJP महिला मोर्चा की स्टेट प्रेसिडेंट जयइंदर कौर कर रही हैं। उनका कहना है कि, पंजाब सरकार ने महिलाओं को 1100 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन तीन साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी ये योजना शुरू नहीं हुई। इससे महिलाओं में नाराज़गी है और वे सरकार से जवाब मांग रही हैं।

वहीं, AAP इस प्रदर्शन को राजनीति से प्रेरित बता रही है। AAP के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने बीजेपी नेता जयइंदर कौर पर पलटवार करते हुए कहा कि, उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने “डैडी जी” कैप्टन अमरिंदर सिंह से सवाल पूछने चाहिए।

पन्नू ने कहा कि, 2017 में कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद घर-घर नौकरी, किसानों का पूरा कर्ज माफ, बेरोजगारों को भत्ता और चार हफ्ते में नशा खत्म करने का वादा किया था। लेकिन इनमें से कितने वादे जमीन पर उतरे, ये जनता जानती है।

पन्नू ने कहा कि, भगवंत मान सरकार ने पांच साल के भीतर सभी गारंटी पूरी करने का वादा किया है और 1100 रुपये वाली योजना भी समय पर लागू होगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “अगर जयइंदर कौर चाहें तो इस योजना में अपना नाम या अपने पड़ोसी मुल्क की अरूसा आंटी का नाम भी लिखवा सकती हैं।”

दरअसल, आम आदमी पार्टी ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए 1100 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहले भी कहा है कि, सरकार 2026 के बजट के बाद ये योजना लागू करेगी। लेकिन विपक्ष का कहना है कि, ये वादा सिर्फ चुनावी जुमला बनकर रह गया है।

राजनीतिक हलचलों के बीच चंडीगढ़ पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता नारेबाजी करती हुई आगे बढ़ रही हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोककर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहे, इसके लिए विशेष पुलिस बल भी तैनात है।

BJP महिला मोर्चा का कहना है कि, पंजाब की हजारों महिलाओं ने इस योजना की आशा में अपने घरेलू खर्च की योजनाएँ बनाई थीं। लेकिन वादा पूरा न होने से उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

वहीं AAP का कहना है कि, विरोध प्रदर्शन गैर-जरूरी है, क्योंकि सरकार वादा निभाने के लिए प्रतिबद्ध है और सही समय पर योजना लागू की जाएगी।

अब देखना ये है कि, ये राजनीतिक संघर्ष आगे किस दिशा में जाता है, क्योंकि महिलाओं को 1100 रुपये देने का वादा आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है।