Bikram Majithia Arrest Punj

channel4news logoCHANNEL4 NEWS INDIA


पंजाब में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया को विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें अमृतसर स्थित घर से अब मोहाली ले जाया गया। दरअसल बुधवार सुबह 15 अधिकारियों की एक टीम अमृतसर स्थित उनके ग्रीन एवेन्यू स्थित आवास पर पहुंची थी। विजिलेंस के SSP लखबीर सिंह की अगुआई में टीम मजीठिया के घर पर पहुंची थी। यह रेड नशे को लेकर की गई है। अमृतसर में कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस छापेमारी को लेकर बिक्रम मजीठिया ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह अधिकारियों के साथ बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मजीठिया और अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली। मजीठिया ने टीम पर बिना वर्दी और बिना जानकारी के जबरन घर में घुसने का आरोप लगाया। वहीं रेड के वक्त मजीठिया ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में वो अधिकारियों से कहते दिखे– “आप कौन हैं? अपना परिचय दीजिए। यह तरीका सही नहीं है। आप बिना वर्दी जबरन मेरे घर में घुसे हैं। बैठकर बात करो, धमकाने की जरूरत नहीं।” बिक्रम मजीठिया की पत्नी गनीव कौर ने आरोप लगाया कि विजिलेंस टीम ने जबर्दस्ती घर में घुसते हुए धक्का-मुक्की की।

अकाली दल ने बदले की भावना का लगाया आरोप

उन्होंने कहा कि यह सब सत्ता की बदले की भावना से किया जा रहा है। बिक्रम मजीठिया ने सवाल उठाया कि विजिलेंस की टीम बिना वर्दी क्यों आई? उन्होंने हर अधिकारी से परिचय बताने और वीडियो रिकॉर्डिंग की मांग की। अधिकारियों ने मजीठिया से कहा कि जांच के लिए वे अधिकृत हैं और कानून के तहत ही कार्रवाई कर रहे हैं। रेड के बाद मजीठिया ने एक बयान जारी कर कहा – “जब भगवंत मान सरकार को ड्रग केस में मेरे खिलाफ कुछ नहीं मिला, तो अब झूठे केस बना रही है। ये रेड डराने की कोशिश है। लेकिन मैं न डरूंगा, न झुकूंगा।”  इस रेड को राजनीतिक बदले की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल के समर्थक इसे सरकार की बदले की कार्रवाई  बता रहे हैं, जबकि सरकार की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। इससे पहले भी मजीठिया पर ड्रग केस दर्ज हो चुका है, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हो सकी थी। अब फिर से विजिलेंस की कार्रवाई ने पंजाब की राजनीति को एक नया मोड़ दे दिया है।